तमिल सुपरस्टार थलापति विजय की पार्टी TVK ने तमिलनाडु चुनाव में 108 सीट जीतकर बड़ा राजनीतिक धमाका किया है। इसी बीच रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि विजय अब एक्ट्रेस तृषा कृष्णन को राजनीति में लाने की कोशिश कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि TVK उन्हें तिरुचिरापल्ली ईस्ट सीट से उपचुनाव लड़ाना चाहती है।

थलापति विजय का राजनीति में पहला कदम बेहद सफल साबित हुआ है। उनकी पार्टी Tamilaga Vettri Kazhagam यानी TVK ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में 108 सीट जीतकर सबको चौंका दिया। अब विजय की जीत के बीच एक और बड़ी चर्चा शुरू हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक्ट्रेस तृषा कृष्णन भी जल्द राजनीति में एंट्री कर सकती हैं। दावा किया जा रहा है कि विजय और TVK नेता उन्हें तिरुचिरापल्ली ईस्ट सीट से उपचुनाव लड़ाने के लिए मनाने में जुटे हैं। हालांकि तृषा का कोई राजनीतिक बैकग्राउंड नहीं है और फिलहाल वह राजनीति में आने को लेकर ज्यादा एक्साइटेड नहीं बताई जा रही हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

विजय छोड़ सकते हैं तिरुचिरापल्ली ईस्ट सीट, तृषा को मिल सकता है मौका

रिपोर्ट्स के मुताबिक थलापति विजय ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में दो सीटों—चेन्नई की पेरंबूर और तिरुचिरापल्ली ईस्ट—से जीत दर्ज की है। नियमों के अनुसार वह दोनों सीटें अपने पास नहीं रख सकते, इसलिए उन्हें 14 दिनों के भीतर एक सीट छोड़नी होगी। बताया जा रहा है कि विजय पेरंबूर सीट बरकरार रखना चाहते हैं, क्योंकि वहां उनकी जीत का अंतर काफी बड़ा है और यह सीट राज्य सचिवालय के भी ज्यादा करीब है। ऐसे में तिरुचिरापल्ली ईस्ट सीट खाली हो सकती है, जहां उपचुनाव होने की संभावना है। इसी सीट से तृषा कृष्णन को चुनाव लड़ाने की चर्चा तेज हो गई है।

TVK नेताओं की कोशिश, लेकिन तृषा फिलहाल तैयार नहीं!

मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि विजय और TVK के वरिष्ठ नेता तृषा कृष्णन को राजनीति में लाने के लिए लगातार बातचीत कर रहे हैं। पार्टी चाहती है कि वह उपचुनाव में उम्मीदवार बनें, क्योंकि साउथ में उनकी जबरदस्त लोकप्रियता है। हालांकि बताया जा रहा है कि तृषा राजनीति में आने को लेकर अभी पूरी तरह आश्वस्त नहीं हैं। उनका कोई राजनीतिक अनुभव नहीं है और यही वजह है कि वह फिलहाल दूरी बनाए हुए हैं। फिर भी विजय के करीबी नेताओं का मानना है कि अगर तृषा चुनाव लड़ती हैं तो यह TVK के लिए बड़ा राजनीतिक और स्टार पावर वाला कदम साबित हो सकता है।

108 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी TVK, अब सरकार बनाने की तैयारी

थलापति विजय की पार्टी TVK ने 234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में 108 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सबको चौंका दिया है। हालांकि सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत के आंकड़े 118 से पार्टी अभी 10 सीट दूर है। ऐसे में गठबंधन की राजनीति बेहद अहम हो गई है। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि TVK, DMK के साथ हाथ मिला सकती है, जिसने 59 सीटें जीती हैं। वहीं AIADMK के साथ गठबंधन की अटकलें भी तेज हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक विजय ने राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर को सरकार बनाने का न्योता देने के लिए पत्र भी लिखा है। कई मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि विजय 7 मई को तमिलनाडु के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं, लेकिन इसकी ना आधिकारिक पुष्टि हुई है और ना ही ऐसी कोई सुगबुगाहट देखने को मिल रही है।