बॉक्स ऑफिस पर ‘द वन’, ‘द पैराडाइज’ और ‘हनुमान अंश’ के बीच मंगलवार को दिलचस्प मुकाबला दिखा। आठवें हफ्ते वाली फिल्म ने नई रिलीज से ज्यादा ग्रोथ हासिल कर चौंकाया।

बॉक्स ऑफिस पर इस वक्त तीन फ़िल्में सबसे ज्यादा ध्यान खींच रही हैं। इनमें से दो 'द वन' और 'द पैराडाइज' इसी हफ्ते रिलीज हुई हैं तो एक 'हनुमान अंश' बीते कई हफ़्तों से चल रही है। खास बात यह है कि 8वें हफ्ते में भी 'हनुमान अंश' नई-नई फिल्मों को टक्कर देती नज़र आ रही है। खासकर ग्रोथ के लिहाज से देखें तो 8वें मंगलवार को इस फिल्म ने 'द वन' और 'द पैराडाइज' दोनों के पहले मंगलवार से बड़ी छलांग लगाई है। जानिए तीनों फिल्मों ने मंगलवार को कितनी कमाई की?

'द वन' की पहले मंगलवार की कमाई कितनी रही?

सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया स्टारर 'द वन' ने रिलीज के 5वें दिन यानी पहले मंगलवार को लगभग 6 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया। यह सोमवार की कमाई (5.25 करोड़ रुपए) के मुकाबले 14.3 फीसदी ज्यादा है।दीपक कुमार मिश्रा निर्देशित इस फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 44.85 करोड़ रुपए और ग्रॉस कलेक्शन 53.75 करोड़ रुपए हो गया है। विदेशों में फिल्म ने 4.50 करोड़ रुपए की ग्रॉस कमाई की है। कुल मिलाकर वर्ल्डवाइड इस फिल्म ने 57.95 करोड़ रुपए कमा लिए हैं।

'द पैराडाइज' छठे दिन 100 करोड़ क्लब में पहुंची

श्रीकांत ओडेला के निर्देशन में बनी 'द पैराडाइज' ने पहले मंगलवार यानी छठे दिन लगभग 4.40 करोड़ रुपए की कमाई की, जो इसके 5वें दिन के कलेक्शन (5 करोड़ रुपए) के मुकाबले 12 फीसदी कम है। 6 दिन में नानी स्टारर इस फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 101.50 करोड़ रुपए और ग्रॉस कलेक्शन 120 करोड़ रुपए हो गया है। ओवरइज मार्केट से फिल्म ग्रॉस 30.50 करोड़ रुपए कमा चुकी है। ऐसे में दुनियाभर में फिल्म का कलेक्शन 150.50 करोड़ रुपए हो गया है।

'हनुमान अंश' का 54वें दिन भी जलवा

शोभिनव सत्य स्टारर नीम करोली बाबा की बायोपिक 'हनुमान अंश' ने 54वें दिन यानी 8वें मंगलवार भी अपना जलवा दिखाया। 53वें दिन के कलेक्शन (2.25 करोड़ रुपए) के मुकाबले 37.8 फीसदी की ग्रोथ लेते हुए फिल्म ने 54वें दिन 3.10 करोड़ रुपए कमा डाले। 54 दिन बाद फिल्म का भारत में बेट कलेक्शन 312.38 करोड़ रुपए और ग्रॉस कलेक्शन 369 करोड़ रुपए हो चुका है। विदेशों से विशाल चतुर्वेदी निर्देशित यह फिल्म 39 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी है। भारत और ओवरसीज दोनों को मिलाकर देखें तो फिल्म वर्ल्डवाइड ग्रॉस 408 करोड़ रुपए कूट चुकी है।

अगर आप ऊपर तीनों फिल्मों के आंकड़ों पर नज़र डालेंगे तो पाएंगे कि 'हनुमान अंश' ने मंगलवार को 'द वन' और 'द पैराडाइज' के मुकाबले बड़ी ग्रोथ हासिल की है। हालांकि कलेक्शन के मामले में यह फिल्म दोनों से पीछे रही।