भोपाल में संदिग्ध हालात में मृत मिलीं मॉडल ट्विशा शर्मा का आखिरी इंस्टाग्राम मैसेज अब पूरे केस का सबसे बड़ा सवाल बन गया है। दो महीने की प्रेग्नेंट ट्विशा ने दोस्त को लिखा था, “मैं फंस गई हूं भाई... बस तू शादी मत करना।” परिवार ने पति और ससुराल वालों पर प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए दोबारा पोस्टमार्टम और सुप्रीम कोर्ट निगरानी में जांच की मांग की है।
भोपाल में ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है। मौत से ठीक पहले दोस्त को भेजा गया उनका इंस्टाग्राम मैसेज अब इस केस का सबसे चर्चित हिस्सा बन चुका है। दो महीने की प्रेग्नेंट ट्विशा ने अपनी दोस्त को लिखा था, “मैं फंस गई हूं भाई... बस तू शादी मत करना।” अगले ही दिन उनका शव घर में फंदे से लटका मिला। परिवार ने पति और ससुराल वालों पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। इतना ही नहीं, परिवार पुलिस जांच पर भी सवाल उठा रहा है और AIIMS दिल्ली में दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग कर रहा है।

ट्विशा शर्मा ने मौत से पहले दोस्त को भेजा था डराने वाला मैसेज
ट्विशा शर्मा ने अपनी दोस्त मीनाक्षी को इंस्टाग्राम पर जो आखिरी मैसेज भेजा, उसने पूरे मामले को रहस्यमय बना दिया है। ट्विशा ने लिखा, “मैं फंस गई हूं भाई। बस तू मत फंसना। ज्यादा बात नहीं कर सकती। सही वक्त आने पर कॉल करूंगी।” इस पर उनकी दोस्त ने जवाब दिया, “मैं तुम्हारे लिए परेशान हूं, टुकटुक। मैं तुमसे बहुत प्यार करती हूं। मैं तुम्हारे साथ हूं।” हालांकि, मैसेज के बाद दोस्त को ट्विशा का कॉल कभी नहीं आया। अगले ही दिन ट्विशा अपने भोपाल स्थित घर में मृत मिलीं।

दो महीने की प्रेग्नेंट थीं ट्विशा शर्मा
31 साल की ट्विशा शर्मा पूर्व मिस पुणे रह चुकी थीं। वे सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव थीं। उनके भाई हर्षित शर्मा भारतीय सेना में मेजर हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो ट्विशा मॉडल और एक्ट्रेस भी थीं। ट्विशा नोएडा की रहने वाली थीं और दिसंबर 2025 में उनकी शादी भोपाल के वकील समर्थ सिंह से हुई थी। दोनों की मुलाकात 2024 में एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। परिवार का दावा है कि ट्विशा पिछले कुछ समय से भोपाल छोड़कर वापस नोएडा आना चाहती थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मौत के वक्त ट्विशा दो महीने की प्रेग्नेंट थीं। इस खुलासे के बाद केस ने और ज्यादा संवेदनशील मोड़ ले लिया है।
परिवार ने पति और ससुराल वालों पर लगाए गंभीर आरोप
ट्विशा के परिवार ने पति समर्थ सिंह और ससुराल वालों पर लंबे समय से मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि केस को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की जा रही है, जबकि शरीर पर चोट के निशान कई सवाल खड़े करते हैं। परिवार ने दावा किया कि ट्विशा के हाथ और कान पर चोट के निशान थे, जिससे उन्हें हत्या और सबूत मिटाने की आशंका है।
CM हाउस के बाहर परिवार का प्रदर्शन
रविवार को ट्विशा का परिवार मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के आवास के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचा। परिवार कई घंटों तक वहां डटा रहा और सीधे मुख्यमंत्री से मिलने की मांग करता रहा। ट्विशा के पिता नवनीधि शर्मा ने आरोप लगाया कि पुलिस जांच में गंभीर लापरवाही हुई है। उनका कहना है कि FIR मौत के दो दिन बाद दर्ज की गई और अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई। उन्होंने यह भी कहा कि परिवार को SIT जांच पर भरोसा नहीं है और वे सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच चाहते हैं। पुलिस ने पति समर्थ सिंह और उनकी मां, रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट और सबूत मिटाने जैसे आरोपों में जांच शुरू की है। रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को अदालत से अग्रिम जमानत मिल चुकी है, जबकि समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई 18 मई को होनी है।
AIIMS दिल्ली में दोबारा पोस्टमार्टम की मांग
परिवार ने AIIMS भोपाल की शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि रिपोर्ट संतोषजनक नहीं है। परिवार अब AIIMS दिल्ली में दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग कर रहा है। ट्विशा के पिता ने आरोप लगाया कि शव को सही तापमान पर संरक्षित नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि परिवार ने शव को माइनस 4 डिग्री सेल्सियस पर रखने की मांग की थी, ताकि किसी तरह की डिकंपोजिशन ना हो।
