Welcome To The Jungle Trailer Review: क्या अक्षय कुमार की सबसे बड़ी कॉमेडी वापसी हो गई? क्या 24 सितारों की फौज बॉक्स ऑफिस पर तूफान लाएगी? क्या 'हेरा फेरी' वाली अक्षय-सुनील शेट्टी की जोड़ी फिर मचाएगी धमाल? क्या मजनू भाई वाला नॉस्टैल्जिया दर्शकों को सीटियों पर मजबूर करेगा? जानिए क्यों ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है 'वेलकम टू द जंगल'। 

अक्षय कुमार की मोस्ट अवैटेड कॉमेडी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' का ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो गया है और आते ही इसने सोशल मीडिया पर चर्चा छेड़ दी है। 'वेलकम' फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म का ट्रेलर कॉमेडी, अफरा-तफरी और बड़े पैमाने के मनोरंजन से भरपूर नजर आ रहा है। खास बात यह है कि इसमें अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी की जोड़ी लंबे समय बाद साथ दिखाई दे रही है, जिसने फैंस को 'हेरा फेरी' की याद दिला दी है। साथ इसमें दोनों के साथ रवीना टंडन की मौजूदगी 'मोहरा' की यादें ताजा कर रही है। वहीं ट्रेलर में पुराने 'वेलकम' के पॉपुलर पलों की झलक भी देखने को मिलती है, जिसने दर्शकों का उत्साह और बढ़ा दिया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

'वेलकम टू द जंगल' का ट्रेलर हुआ रिलीज

लंबे इंतजार के बाद 'वेलकम टू द जंगल' का ट्रेलर दर्शकों के सामने आ चुका है। ट्रेलर की शुरुआत फिल्म की विशाल स्टारकास्ट के अनोखे परिचय से होती है। ट्रेलर में एक गाने की फॉर्म में रवीना टंडन, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडीज, लारा दत्ता, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े, दलेर मेहंदी, आफताब शिवदासानी, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा, फरीदा जलाल, मुकेश तिवारी, यशपाल शर्मा, जाकिर हुसैन, किरण कुमार, विंदू दारा सिंह, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, परेश रावल, जैकी श्रॉफ, अरशद वारसी, सुनील शेट्टी और अक्षय कुमार का इंट्रो कराया गया। इन सबके साथ एक गोरिल्ला का जिक्र भी है। इस तरह देखें तो ट्रेलर में 24 कलाकार दिखाई दिए हैं। इनमें 5 हीरोइन हैं। जैकी श्रॉफ फिल्म में विलेन के तौर पर दिख रहे हैं। अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी हीरो हैं। बाकी स्टार कास्ट उन्हें सपोर्ट कर रही है।

कैसा है 'वेलकम टू दि जंगल' का ट्रेलर?

'वेलकम टू दि जंगल' के ट्रेलर की शुरुआत में इसे देश की पहली 2000 करोड़ी फेक फिल्म बताया गया है। जैसे-जैसे यह आगे बढ़ता है, 4 मिनट 10 सेकंड में कहानी कॉमेडी, अफरा-तफरी और लगातार बढ़ते कन्फ्यूजन की दुनिया में एंट्री लेती है। ट्रेलर का टोन पूरी तरह मनोरंजन और फैमिली एंटरटेनमेंट पर आधारित नजर आता है। पूरे ट्रेलर में अक्षय कुमार सबसे ज्यादा असर छोड़ते दिख रहे हैं। उनकी कॉमिक टाइमिंग और स्क्रीन प्रेजेंस कई सीन्स को खास बनाती है। ट्रेलर में कुछ ऐसे संदर्भ भी शामिल किए गए हैं जो कलाकारों से जुड़ी वास्तविक चर्चित बातों की याद दिलाते हैं, जिससे मनोरंजन का स्तर और बढ़ जाता है।

अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी की जोड़ी ने जीता दिल

ट्रेलर की सबसे चर्चित बातों में से एक अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी की जोड़ी का फिर से साथ आना है। दोनों कलाकारों की नोकझोंक और मजेदार केमिस्ट्री ने दर्शकों को 'हेरा फेरी' फ्रेंचाइजी की याद दिला दी है। सोशल मीडिया पर भी फैंस इसी पहलू की सबसे ज्यादा चर्चा कर रहे हैं। ट्रेलर में पुराने 'वेलकम' के पॉपुलर 'मजनू भाई' ट्रैक की याद दिलाने वाला एक संदर्भ भी शामिल किया गया है। यह वही किरदार था, जो पहली और दूसरी फिल्म में अनिल कपूर ने निभाया था और दर्शकों को खूब हंसाया था। अरशद वारसी मजनू के भाई और सुनील शेट्टी उदय (पिछले दो पार्ट में दिखा नाना पाटेकर का किरदार) के भाई के रोल में दिख रहे हैं। इस नॉस्टैल्जिक टच ने पुराने फैंस के एक्साइटमेंट को और बढ़ा दिया है।

कब रिलीज होगी 'वेलकम टू दि जंगल'

अहमद खान के निर्देशन में बनी 'वेलकम टू द जंगल' 26 जून 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। मेकर्स का दावा है कि यह फिल्म 'वेलकम' फ्रेंचाइजी की पहचान रही कॉमेडी, कन्फ्यूजन और मनोरंजन को पहले से कहीं बड़े स्तर पर पेश करेगी।