170 से ज्यादा फिल्मों में काम करने वाले दिग्गज एक्टर मोहन शर्मा आज वृद्धाश्रम में रहने को मजबूर हैं। मुश्किल वक्त में रजनीकांत ने 1 लाख रुपये की मदद कर उनका सहारा बने।

कभी चेन्नई के पॉश पोज़ गार्डन में आलीशान घर के मालिक रहे दिग्गज एक्टर और फिल्ममेकर मोहन शर्मा आज वृद्धाश्रम में जिंदगी गुजार रहे हैं। तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ सिनेमा की 170 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके 79 साल के एक्टर की आर्थिक तंगी की खबर सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो सुपरस्टार रजनीकांत मदद के लिए आगे आए। उन्होंने मोहन शर्मा को 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भेजी, जिससे उनकी दवाइयों और रोजमर्रा के खर्चों में राहत मिली। आइए जानते हैं आखिर कौन हैं मोहन शर्मा और कैसे स्टारडम से उनका सफर वृद्धाश्रम तक पहुंच गया।

कौन हैं मोहन शर्मा, जिनकी मदद के लिए आगे आए रजनीकांत?

मोहन शर्मा साउथ इंडियन सिनेमा के दिग्गज एक्टर और फिल्ममेकर हैं। उन्होंने अपने करियर में 170 से ज़्यादा फिल्मों में एक्टिंग की ही और कई फिल्मों का निर्माण भी किया। उन्हें FTII, पुणे (फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया) से औपचारिक अभिनय प्रशिक्षण लेने वाले पहले दक्षिण भारतीय अभिनेता के तौर पर भी जाना जाता है।

मोहन शर्मा आज वृद्धाश्रम में क्यों रह रहे हैं?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, 79 वर्षीय मोहन शर्मा चेन्नई से करीब 50 किलोमीटर दूर गुम्मिडीपोंडी स्थित श्री रामावतार अग्रवाल सभा वृद्धाश्रम में रह रहे हैं। उन्होंने बताया, "कभी पोज़ गार्डन में अपना घर था, लेकिन मुझे उसे बेचना पड़ा। मेरा पारिवारिक जीवन सफल नहीं रहा। आज मेरे पास पैसे नहीं हैं और अगर मैं बीमार पड़ जाऊं तो मेरी देखभाल करने वाला भी कोई नहीं है।"

रजनीकांत ने कैसे बढ़ाया मदद का हाथ?

मोहन शर्मा ने बताया कि सोशल मीडिया पर उनकी हालत की जानकारी मिलने के बाद रजनीकांत ने उन्हें 1 लाख रुपये की आर्थिक मदद भेजी। उन्होंने कहा, "मुझे बताया गया कि रजनीकांत को मेरी स्थिति के बारे में पता चला। कुछ दिन पहले उन्होंने मुझे 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भेजी। मैं उसी मदद से अपना जीवन चला रहा हूं।" मोहन शर्मा ने बताया कि वृद्धाश्रम में उन्हें रहने और खाने की सुविधा मुफ्त मिलती है, लेकिन दवाइयों के लिए पैसे जुटाना मुश्किल हो रहा था।

मोहन शर्मा की ज़रूरतों पर हर महीने का खर्च कितना?

बताया जा रहा है कि मोहन शर्मा की दवाइयों और अन्य ज़रूरतों पर हर महीने लगभग 40 हजार रुपए का खर्च आता है। जबकि उनकी कोई रेगुलर इनकम भी नहीं है। रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया है कि मोहन कई तरह के हेल्थ इश्यूज से जूझ रहे हैं।दोस्तों ने ही उनके वृद्धाश्रम में रहने की व्यवस्था कराई। इतना ही नहीं, उनके कमरे के लिए दोस्तों ने टीवी, फ्रिज और एयर कंडीशनर भी उपलब्ध कराया, ताकि उन्हें बुनियादी सुविधाएं मिल सकें।

मोहन शर्मा की पॉपुलर फ़िल्में

मोहन शर्मा ने तमिल, मलयालम, तेलुगु और कन्नड़ फिल्मों में लंबा और सफल करियर बनाया। उनकी चर्चित फिल्मों में अक्करई पच्चई, थूंडिल मीन, फ्रेंड्स, पार्थिबन कनवु, प्रियामाना थोझी, सचिएन (जिसमें उन्होंने जेनेलिया डिसूजा के पिता का किरदार निभाया) आदि शामिल हैं। एक्टिंग के अलावा वे फिल्म चैंबर से जुड़े रहे। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जूरी के सदस्य रहे। उनकी बाईलिंगुअल फिल्म 'नम्मा ग्रामम' को राष्ट्रीय स्तर पर कई सम्मान मिले।

फिल्म के सैटेलाइट राइट्स खरीदने की अपील कर रहे मोहन शर्मा

मोहन शर्मा ने फिल्म जगत से अपील की है कि उनकी फिल्म 'नम्मा ग्रामम' के सैटेलाइट अधिकार खरीदे जाएं। उनका कहना है कि इससे मिलने वाली राशि उनकी बढ़ती मेडिकल जरूरतों और इलाज का खर्च उठाने में मदद करेगी। मोहन शर्मा की आर्थिक स्थिति सामने आने के बाद रजनीकांत के इस कदम की सोशल मीडिया पर जमकर सराहना हो रही है। लोग मुश्किल दौर से गुजर रहे अपने वरिष्ठ साथी की मदद करने के लिए सुपरस्टार की संवेदनशीलता की तारीफ कर रहे हैं।