- Home
- Entertainment
- Bollywood
- ऋषि कपूर को बचाने में जिन लोगों ने झोंक दी पूरी ताकत, पत्नी नीतू ने अब उन्हें ऐसे कहा शुक्रिया
ऋषि कपूर को बचाने में जिन लोगों ने झोंक दी पूरी ताकत, पत्नी नीतू ने अब उन्हें ऐसे कहा शुक्रिया
मुंबई। ऋषि कपूर को गुजरे हुए 4 दिन बीत चुके हैं। पति के असामयिक निधन से उनकी पत्नी नीतू कपूर को गहरा सदमा लगा है। हालांकि इस दुख की घड़ी में भी नीतू कपूर ने उन लोगों का शुक्रिया अदा किया है, जिन्होंने उनके पति को बचाने में अपनी पूरी ताकत लगा दी। नीतू ने अपनी पोस्ट में उन लोगों का आभार व्यक्त किया है, जिन्होंने ऋषि कपूर के आखिरी वक्त तक देखभाल के दौरान उनका भरपूर साथ दिया।

नीतू कपूर ने सोशल मीडिया पर ऋषि कपूर की 2 फोटो शेयर की हैं। इसके साथ ही उन्होंने लिखा- एक परिवार के नाते हमें बेहद गहरा नुकसान है। लेकिन जब हम साथ बैठकर पुराने वक्त को याद करते हैं तो हम उन डॉक्टर्स के प्रति आभार महसूस करते हैं, जिन्होंने हमारी बहुत मदद की।
इस पोस्ट में ऋषि कपूर की एक ब्लैक एंड व्हाइट और दूसरी उस तस्वीर का इस्तेमाल किया है, जिसमें नीतू ऋषि के सीने से सिर टिकाकर बैठी नजर आ रही हैं।
नीतू कपूर ने अपनी पोस्ट में लिखा, मैं आभार व्यक्त करती हूं एचएन रिलायंस हॉस्पिटल के डॉक्टर्स, उनकी पूरी टीम, नर्सों को हेड कर रहे डॉक्टर तरंग ज्ञानचंदानी का, जिन्होंने मेरे पति का ऐसे ट्रीटमेंट किया जैसे वह उनके अपने हों। उन्होंने हमें उस तरह से सलाह दी जैसे कि हम उनके अपने हों। इन सबके लिए उन्हें दिल से शुक्रिया।'
बता दें कि पिछले दो साल से ल्यूकेमिया (रक्त का कैंसर) से लड़ रहे ऋषि कपूर की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद बुधवार को एचएन रिलायंस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां गुरुवार सुबह 8 बजकर 45 मिनट पर उन्होंने अंतिम सांस ली।
ऋषि कपूर की तबियत बिगड़ने की शुरुआत फरवरी 2018 में हुई जब उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई। उस दौरान वह दिल्ली में फैमिली फंक्शन में पहुंचे थे। उन्हें दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती किया गया। वह निमोनिया के संक्रमण से जूझ रहे थे, यह बात उन्होंने खुद मानी, हालांकि रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई थी।
ऋषि कपूर को कैंसर होने की पहली खबर 3 अक्टूबर 2018 को आई। भाई रणधीर कपूर ने बताया कि ऋषि सितंबर में इलाज कराने के लिए अमेरिका गए। वह ल्यूकेमिया से लड़ रहे थे, जोकि एक तरह का ब्लड कैंसर होता है। अमेरिका में उनका मैरो ट्रीटमेंट चल रहा था। इलाज के कारण वह अपनी मां को अंतिम विदाई देने भारत नहीं आ पाए थे।
करीब 11 महीने और 11 दिन तक न्यूयॉर्क में इलाज कराने के बाद ऋषि कपूर जब भारत लौटे थे तो उन्होंने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी थी। ऋषि ने 10 सितंबर 2019 को ट्वीट कर लिखा था- मैं घर वापस आ गया।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।