Tanushree Dutta On Nana Patekar Death: नाना पाटेकर से जुड़े विवाद के बीच तनुश्री दत्ता ने महाकाल मंदिर में दर्शन के बाद ऐसी पोस्ट लिखी, जिसने फिर सबका ध्यान खींच लिया। जानिए पूरा मामला।
दिग्गज एक्टर नाना पाटेकर के निधन के बाद से बॉलीवुड एक्ट्रेस तनुश्री दत्ता लगातार अपनी सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। नाना पाटेकर से जुड़े पुराने विवाद के बीच उन्होंने उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन किए और अपनी जिंदगी में आए मुश्किल दौर का जिक्र किया। उनकी पोस्ट में आस्था, कथित साजिशों और उन लोगों को लेकर तीखे शब्द हैं, जिन्हें वह अपनी परेशानियों के लिए जिम्मेदार मानती हैं। इतना ही नहीं, तनुश्री ने नाना पाटेकर की मौत की खबर की प्रामाणिकता पर भी संदेह जताया है।
तनुश्री दत्ता ने नाना पाटेकर की मौत की खबर पर क्या कहा?
महाकाल मंदिर में दर्शन के बाद तनुश्री दत्ता ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की। इसमें उन्होंने इस घटनाक्रम को अपनी जिंदगी का एक सकारात्मक बदलाव बताया, लेकिन साथ ही नाना पाटेकर की मौत की खबर पर संदेह भी जताया। तनुश्री दत्ता ने लिखा, "महाकाल बाबा के दरबार में मेरी आस्था है! वही हैं, जिन्होंने मेरी जिंदगी पर हुए कई हमलों से मुझे बचाया और नाना तथा उनके दोस्तों द्वारा की गई सैकड़ों कथित मारण क्रियाओं से मेरी रक्षा की।"
नाना पाटेकर के निधन पर तनुश्री दत्ता को संदेह
तनुश्री दत्ता लिखती हैं, "यह कितना संयोग है कि मेरी जिंदगी में इतनी सकारात्मक घटना के ठीक बाद मुझे महाकाल के दर्शन करने का मौका मिला। हालांकि, मुझे इस खबर की प्रामाणिकता पर गंभीर संदेह है कि उनकी मौत हो गई है। मैं सच में चाहती हूं और उम्मीद करती हूं कि यह बुराई मर चुकी हो और हमेशा के लिए खत्म हो गई हो। साथ ही, मेरी जिंदगी की सारी बुराइयां एक-एक करके खत्म हो जाएं।
तनुश्री दत्ता ने महाकाल बाबा से क्या मांगा?
एक्ट्रेस ने आगे लिखा है, "यही महाकाल बाबा से मेरे दिल की दुआ, प्रार्थना और दिली ख्वाहिश है। मैंने उनसे कभी कुछ नहीं मांगा। उनकी भक्ति और उनका आशीर्वाद ही हमेशा मेरे लिए काफी था, लेकिन आज मैं अपने सभी देवी-देवताओं से कुछ मांग रही हूं। अगर आप मुझसे प्यार करते हैं, तो मेरी जिंदगी को दुख पहुंचाने का फैसला कर चुके उन सभी बुरे लोगों को खत्म कर दीजिए, जो अपनी मौत होने तक मुझे परेशान करना बंद नहीं करेंगे। उन सभी लोगों को, उनके साथियों, मददगारों और समर्थकों समेत, जिनके संरक्षण में इन बुरे लोगों ने मुझे लगातार परेशान किया है।"
मैं चाहती हूं सभी ख़त्म हो जाएं : तनुश्री दत्ता
तनुश्री दत्ता ने लिखा है, "मैं दुनिया में अपने उद्देश्य को पूरा नहीं कर सकती और अगर ये लोग अब भी सांस लेते रहे, तो मैं यहां से चली जाऊंगी। मैं चाहती हूं कि वे सभी खत्म हो जाएं और उनकी मौत की पूरी पुष्टि हो। मैं उनकी हद से ज्यादा नकारात्मकता और लगातार रची जा रही साजिशों को अब और बर्दाश्त नहीं कर सकती। मुझे लेने के लिए मेरी सवारी आ रही है और जब तक मेरी यह इच्छा पूरी नहीं होती, मैं धरती पर नहीं रुकूंगी। बाबा, इस धरती पर या तो वे रहेंगे या मैं। बल्कि, अंतरिक्ष में मैं आपसे बेहतर तरीके से जुड़ सकती हूं। धरती को जरूरत से ज्यादा महत्व दिया जाता है और यहां जीवित रहने का मेरे पास कोई वास्तविक कारण नहीं बचा है।हर हर महादेव!"
तनुश्री दत्ता ने अंत में लिखा है, "महादेव, मैं चाहती हूं कि आप दुनिया के सामने साबित करें कि आप मुझसे प्यार करते हैं और कितना प्यार करते हैं! मैं युगों-युगों से आपकी भक्त रही हूं। इसी जन्मसिद्ध अधिकार के साथ अब मैं आपसे यह मांग कर रही हूं।वे मुझे नहीं पहचानते, लेकिन आप मुझे पहचानते हैं। इसलिए कृपया मेरी विनम्र प्रार्थना स्वीकार करें।”
तनुश्री दत्ता और नाना पाटेकर का विवाद क्या था?
तनुश्री दत्ता ने साल 2018 में आरोप लगाया था कि 2008 की फिल्म ‘हॉर्न ओके प्लीज’ की शूटिंग के दौरान नाना पाटेकर ने उनका यौन उत्पीड़न किया था। उनके आरोपों के बाद भारत में #MeToo आंदोलन को नई चर्चा मिली और मनोरंजन जगत में यौन उत्पीड़न को लेकर बहस तेज हुई। यह विवाद फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाली महिलाओं की सुरक्षा, कार्यस्थल पर व्यवहार और शिकायतों को गंभीरता से लेने जैसे मुद्दों के केंद्र में रहा।8 अक्टूबर को नाना पाटेकर के निधन के बाद तनुश्री ने इसे ईविल डेड बताया, जिसके बाद से विवाद फिर से चर्चा में है।
