- Home
- States
- Jharkhand
- जमशेदपुर में आग से तबाही की तस्वीरें : 12 घंटे बाद भी टायर गोदाम से उठ रहा धुएं का गुबार, सांस लेने में तकलीफ
जमशेदपुर में आग से तबाही की तस्वीरें : 12 घंटे बाद भी टायर गोदाम से उठ रहा धुएं का गुबार, सांस लेने में तकलीफ
जमशेदपुर : झारखंड (Jharkhand) के जमशेदपुर (Jamshedpur) के मानगो इलाके के टायर गोदाम में लगी आग 12 घंटे बाद भी सुलग रही है। आसमान में धुएं का गुबार उठ रहा है। फायर ब्रिगेड की करीब 45 गाड़ियां अनगिनत चक्कर लगा चुकी हैं लेकिन आग पार काबू नहीं पाया जा सका है। इस आगजनी में करोड़ों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। धुएं के कारण आसपास के लोगों को सांस लेने में भी तकलीफ होने लगी है। टायर गोदाम के पीछे से दीवार तोड़कर आग को कंट्रोल करने की कवायद चल रही है। कई बड़े अफसर मौके पर डटे हुए हैं। रिहायशी इलाका होने के चलते अफरा-तफरी मची हुई है। तस्वीरों में देखिए तबाही का खौफनाक मंजर जो 12 घंटे बाद भी सुलग रहा...

आग शनिवार को उलीडीह थाने के हिलव्यू कॉलोनी से सटे एक टायर गोदाम में देर रात भड़क उठी। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आसपास की कई दुकानें इसकी चपेट में आ चुकी थीं। इसकी सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, टाटा स्टील और टाटा मोटर्स की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची। रविवार दोपहर बाद तक आग काबू में नहीं आ पाई।
आग लगातार भयानक होती जा रही है। दमकल की 45 गाड़ियां चक्कर पर चक्कर लगा रही हैं। पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा हुआ है। आसपास के घरों और दुकानों को खाली कराया गया है। जानकारी के मुताबिक आग लगने के वक्त गोदाम बंद था। नुकसान से बचने लोगों ने खुद के सामान अलग-अलग जगहों पर शिफ्ट किए।
आग से जो धुआं निकल रहा है, उससे सांस लेने में तकलीफ हो रही है। पांच किलोमीटर तक धुएं का असर देखने को मिल रहा है। कई किलोमीटर तक धुएं का गुबार दिखाई दे रहा है। घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा है। हालांकि आग कैसे लगी, इसका कोई कारण अभी तक सामने नहीं आया है।
इस आगजनी से आस-पास के कई मकानों की दीवारें चटक गई हैं। उनमें दरारें आने से दहशत का माहौल है। प्रशासन हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है। आग वाली जगह मिट्टी और गिट्टी गिराई जा रही है, ताकि आग को जल्द से जल्द कंट्रोल किया जा सके।
जहां आग लगी थी, उसी के पास नेशनल हाइवे-33 है। यह हाइवे टाटा-रांची को जोड़ती है। आगजनी के कारण आवागमन भी पूरी तरह बाधित हुआ है। गनीमत अभी तक यह रहा है कि इस आगजनी में किसी भी तरह के हताहत होने की कोई खबर नहीं मिली है।
गोदान के कर्मचारियों ने बताया कि शनिवार रात ही पांच हजार नए टायर मंगाए गए थे। गोदाम में पहले से भी 1500 टायर रखे हुए थे। ऐसे में इस आगजनी में 15 करोड़ के आसपास के नुकसान की आशंका जाहिर की जा रही है। हालांकि इस पर अभी प्रशासनिक अधिकारी कुछ भी नहीं बोल रहे।
झारखंड की सरकार, खनन-उद्योग, आदिवासी क्षेत्रों की खबरें, रोजगार-विकास परियोजनाएं और सुरक्षा अपडेट्स पढ़ें। रांची, जमशेदपुर, धनबाद और ग्रामीण इलाकों की ताज़ा जानकारी के लिए Jharkhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय स्थानीय रिपोर्टिंग सिर्फ Asianet News Hindi पर।