- Home
- National News
- डॉक्टर्स की छुट्टियां कैंसिल करने से लेकर बस सेवा बंद करने तक...कोरोना से निपटने के लिए राज्यों ने क्या किया?
डॉक्टर्स की छुट्टियां कैंसिल करने से लेकर बस सेवा बंद करने तक...कोरोना से निपटने के लिए राज्यों ने क्या किया?
देश में कोरोना के बढ़ते केस से निपटने के लिए राज्यों ने सख्ती तेज कर दी है। बिहार सरकार ने COVID-19 स्थिति को देखते हुए सभी डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों, पैरामेडिकल कर्मचारियों की छुट्टियां 5 अप्रैल तक रद्द कर दी है। वहीं मध्य प्रदेश सरकार ने महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के बीच अंतरराज्यीय बस सेवाओं पर अस्थाई रूप से 20 मार्च से 31 मार्च तक के लिए रोक लगा दी है।

महाराष्ट्र में सितंबर वाली हालत, 25 हजार केस
महाराष्ट्र में कोरोना के रोजाना नए केस सितंबर के लेवल पर पहुंच गए हैं। यहां 24 घंटे में 25 हजार से ज्यादा नए केस सामने आए हैं।
अहमदाबाद में बस सेवाएं, जिम, क्लब सब बंद
गुजरात में कोविड -19 मामलों की संख्या बढ़ने के साथ अहमदाबाद नगर निगम ने बुधवार को शहर में सभी स्थानीय बस सेवाओं को गुरुवार से बंद करने का फैसला किया। इसके अलावा गुरुवार से शहर में सभी जिम, स्पोर्ट्स क्लबों और गेमिंग जोन को सार्वजनिक और निजी दोनों जगहों पर बंद करने का फैसला किया गया है। गुजरात के चार जिलों अहमदाबाद, सूरत, राजकोट और वडोदरा में केस बढ़ रहे हैं।
दिल्ली में मास्क नहीं पहना तो 2000 का चालान
दिल्ली में मास्क नहीं पहनने वालों का चालान काटा जा रहा है। सब डिविजनल मजिस्ट्रेट राजेश चौधरी ने बताया, जब से मामले बढ़े हैं तब से हमने और सख्ती बढ़ा दी है। मास्क नहीं पहनने पर हम 2,000 का चालान काट रहे और तुरंत मास्क भी दे रहे हैं।
पंजाब में 2 घंटे और बढ़ाया गया नाइट कर्फ्यू
कोरोना की वजह से पंजाब के 9 जिलों में मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कर्फ्यू 2 घंटे और बढ़ा दिया है। लुधियाना, जालंधर, पटियाला, मोहाली, अमृतसर, गुरदासपुर, होशियारपुर, कपूरथला और रोपड़ में रात 11 बजे के बजाय अब रात 9 से 5 बजे तक रात का कर्फ्यू लगाया जाएगा। इन जिलों में हर दिन 100 से अधिक कोविड-19 मामले सामने आ रहे हैं।
दिल्ली में 3 दिन से कोरोना केस में बढ़ोतरी
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, दिल्ली में पिछले 3 दिनों में कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिली है। बढ़ोतरी है, लेकिन मामूली है। ज्यादा घबराने की जरूरत नहीं है। हम स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। हम विशेषज्ञों से राय ले रहे हैं।
उन्होंने कहा, हर रोज 30-40 हजार कोरोना की वैक्सीन लग रही है। अब हम इसे बढ़ाकर सवा लाख तक ले जा रहे हैं। हम वैक्सीन केंद्रो की संख्या 500 से बढ़ाकर 1,000 करेंगे। सरकारी केंद्रों में वैक्सीन देने का समय सुबह 9 से शाम 5 बजे तक है। अब इसे बढ़ाकर सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक कर दिया जाएगा।
24 घंटे में कोरोना के 39,726 नए केस आए
भारत में पिछले 24 घंटे में COVID-19 के 39,726 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,15,14,331 हो गई है। 154 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 1,59,370 हो गई है। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या अब 2,71,282 है और डिस्चार्ज हुए मामलों की कुल संख्या 1,10,83,679 है।
देश में कुल 3,93,39,817 लोगों को कोरोना वायरस की वैक्सीन लगाई गई है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.