- Home
- National News
- भारत में तीन मौकों पर प्रधानमंत्री ने पेश किया बजट, नेहरू ऐसा करने वाले पहले पीएम थे
भारत में तीन मौकों पर प्रधानमंत्री ने पेश किया बजट, नेहरू ऐसा करने वाले पहले पीएम थे
नई दिल्ली. 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बजट पेश करेंगी। देश में हमेशा वित्तमंत्री ही बजट पेश करते आए हैं। लेकिन तीन बार भारत के इतिहास में ऐसा हुआ कि प्रधानमंत्री को बजट पेश करना पड़ा। ये तीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी थे। भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पीएम रहते दो बार देश के वित्त मंत्री भी रहे। उन्होंने 24 जुलाई 1956 से लेकर 30 अगस्त 1956 तक पहली बार वित्त मंत्रालय का पदभार संभाला।

जवाहरलाल नेहरू ने 13 फरवरी 1958 से लेकर 13 मार्च 1958 तक दूसरी बार वित्त मंत्रालय का कार्यभार संभाला। वे सिर्फ 29 दिन तक वित्त मंत्री रहे। इस दौरान उन्होंने बजट भी पेश किया है। यह पहला मौका था, जब देश के पीएम ने बजट पेश किया था।
क्यों पेश करना पड़ा था बजट
दरअसल, नेहरू सरकार में वित्त मंत्री टीटी कृष्णमचारी थे। उन्हें मूंदड़ा घोटाले की वजह से पद से इस्तीफा देना पड़ा था। इस वजह से नेहरू ने संसद में बजट पेश किया। नेहरू ने सुरक्षा बजट पर 278.14 करोड़ रुपए और सिविल खर्चों के लिए 517.87 करोड़ जारी किए थे।
बजट भाषण के दौरान नेहरू ने कहा था कि रिवाज के मुताबिक, वित्त वर्ष के लिए आज देश के वित्त मंत्री को बजट भाषण पेश करना था। लेकिन दुखद और अप्रत्याशित घटनाओं के चलते, वित्त मंत्री इस समय हमारे साथ नहीं हैं। अंतिम क्षणों में यह कार्यभार मेरे ऊपर आ गया है।
जब इंदिरा ने पेश किया बजट
नेहरू के बाद इंदिरा गांधी देश की दूसरी प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने बजट पेश किया। दरअसल, इंदिरा सरकार में वित्त मंत्री मोरारजी देसाई के इस्तीफे के बाद उन्होंने वित्त मंत्री का पोर्टफोलियो संभाला। इंदिरा ने 1970-71 का बजट पेश किया। बजट पेश करते हुए इंदिरा ने कहा था, इस बजट से सरकार को 13.50 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आमदनी होगी।
राजीव गांधी
भारत में तीनों प्रधानमंत्री गांधी-नेहरू परिवार से ही थे, जिन्होंने बजट पेश किया। तत्कालीन वित्त मंत्री वीपी सिंह के सरकार से बाहर होने के बाद राजीव गांधी ने वित्त मंत्री का पदभार संभाला। राजीव गांधी ने 1987-88 का बजट पेश किया था।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.