- Home
- National News
- पहली बार सांसद बने इन 7 नेताओं को मोदी कैबिनेट में मिली जगह, कोई टीचर-कोई 2 रु. में देता है गरीबों को दवाई
पहली बार सांसद बने इन 7 नेताओं को मोदी कैबिनेट में मिली जगह, कोई टीचर-कोई 2 रु. में देता है गरीबों को दवाई
नई दिल्ली. पीएम मोदी के दूसरे कार्यकाल का पहला कैबिनेट विस्तार हो गया है। भाजपा और उसके सहयोगियों के 43 नए और पुराने मंत्रियों को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। नए केंद्रीय मंत्रिमंडल में 7 पीएचडी, 3 एमबीए, 13 वकील, 6 डॉक्टर, 5 इंजीनियर, 7 सिविल सर्वेंट और स्नातक डिग्री वालों को शामिल किया गया है। आइए जानते हैं इन मंत्रियो के बारे में।

मुंजापारा महेंद्रभाई
मुंजापारा महेंद्रभाई 52 साल के हैं। वे गुजरात के सुरेंद्रनगर से लोकसभा सांसद हैं। ये उनका सांसद के रूप में पहला कार्यकाल है। राजनीति में आने से पहले वे गुजरात में कार्डियोलॉजिस्ट और मेडिसिन के प्रोफेसर थे। उन्होंने 2 रुपये में दवाएं देने का काम किया है। उन्होंने गुजरात से जनरल मेडिसिन एंड थेरेप्यूटिक्स में एमडी किया है।
निसिथ प्रमाणिक
35 साल के निसिथ प्रमाणिक पश्चिम बंगाल के कूचबिहार से लोकसभा सांसद हैं, जो सांसद के रूप में अपना पहला कार्यकाल पूरा कर रहे हैं। उन्होंने सरकारी स्कूल से टीचर के रूप में काम भी किया है। उनके पास बीसीए की डिग्री है।
जॉन बारला
45 साल के जॉन बारला पश्चिम बंगाल में अलीपुरद्वार से लोकसभा सांसद हैं, जो सांसद के रूप में अपना पहला कार्यकाल पूरा कर रहे हैं। उन्होंने उत्तर बंगाल और असम में 2 दशकों तक चाय बागान श्रमिकों के अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी। वे जलपाईगुड़ी के रहने वाले है।
डॉ. भारती प्रवीण पवार
42 साल के भारती प्रवीण पवार महाराष्ट्र के डिंडोरी से लोकसभा सांसद हैं, जो सांसद के रूप में अपना पहला कार्यकाल पूरा कर रही हैं। उन्होंने नासिक जिला परिषद के सदस्य के रूप में कार्य किया और कुपोषण को मिटाने और साफ पानी के लिए काम किया। वे मेडिकल प्रैक्टिशनर भी थीं। उन्होंने एनडीएमवीपीएस मेडिकल कॉलेज नासिक से सर्जरी में एमबीबीएस की डिग्री हासिल की।
बिश्वेश्वर टुडु
56 साल के बिश्वेश्वर टुडू ओडिशा के मयूरभंज से लोकसभा सांसद हैं। सांसद के रूप में ये उनका पहला कार्यकाल है। वे ओडिशा के कटक के रहने वाले हैं। टुडू ने राउरकेला के उत्कलमणि गोपाबंधु इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग से इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया है।
शांतनु ठाकुर
38 साल के शांतनु ठाकुर पश्चिम बंगाल के बनगांव से लोकसभा सांसद हैं। ये उनका पहला कार्यकाल है। वह मटुआ समुदाय के एक वरिष्ठ नेता हैं और कर्नाटक राज्य मुक्त विश्वविद्यालय से अंग्रेजी में बीए किया है।
अन्नपूर्णा देवी
51 साल की अन्नपूर्णा देवी झारखंड के कोडरमा से लोकसभा सांसद हैं, जो सांसद के रूप में अपना पहला कार्यकाल पूरा कर रही हैं। वह झारखंड और बिहार से 4 बार विधायक भी रह चुकी हैं। देवी ने झारखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में काम किया है। उन्होंने 30 साल की छोटी उम्र में बिहार सरकार में राज्य मंत्री के रूप में भी काम किया। उन्होंने रांची विश्वविद्यालय से इतिहास में एमए किया है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.