- Home
- Viral
- इनका नाम सुनते ही छूट जाते हैं पसीने, ये 10 खतरनाक सांप और इनसे जुड़े फैक्ट्स को नहीं कर सकते इग्नोर
इनका नाम सुनते ही छूट जाते हैं पसीने, ये 10 खतरनाक सांप और इनसे जुड़े फैक्ट्स को नहीं कर सकते इग्नोर
नई दिल्ली। डर पैदा करने के लिए सांप का नाम ही काफी है। अगर देख लें, तो ज्यादातर लोगों की हालत खराब हो जाती है। फिर भी सांप को लेकर लोगों में काफी ज्यादा भ्रम रहता है। गर्मी और बारिश ये दो मौसम ऐसे होते हैं, जिनमें सांप बाहर निकलते हैं। ऐसे में इनसे बचकर रहना बेहद जरूरी है। वैसे तो हर सांप से डरना चाहिए, मगर यह जानना भी जरूरी है कि कौन से सांप ज्यादा खतरनाक होते हैं और इनके काटने के बाद झाड़-फूंक के चक्कर में बिल्कुल नहीं आएं। आइए जानते हैं दस खतरनाक सांप, जो अगर काट ले, तो लापरवाही बिल्कुल न करें, वरना मौत निश्चित है।

किंग कोबरा का वैज्ञानिक नाम ओफियाफेगस हन्नाह है। इसकी लंबाई करीब 18 फुट तक हो सकती है और यह दुनिया का सबसे जहरीला सांप कहा जाता है। यह खतरा देखने पर फन निकालता है और शरीर का एक तिहाई हिस्सा जमीन से ऊपर कर लेता है। यह अगर वयस्क हाथी को भी काट ले तो 15 मिनट में उसकी मौत हो सकती है।
ईस्टर्न टाइगर स्नेक का वैज्ञानिक नाम नोटेचिस स्कूटेटस है। इसका जहर अगर शरीर में पहुंच जाए तो पंद्रह मिनट में जीवन समाप्त हो जाएगा। इसके शरीर पर टाइगर की धारियां होती हैं, जिसकी वजह से इसे टाइगर स्नेक कहते हैं।
बूम्सलैंग सांप का वैज्ञानिक नाम डिस्फालिड्स टाइपस है और इसे दक्षिण अफ्रिका में ग्रीन ट्री स्नेक भी कहते हैं। इसका वयस्क सांप ही नहीं बल्कि, इसका बच्चा भी काट ले तो इंसान मर सकता है। इसके काटने से आंख, किडनी, दिल, फेफड़ा और दिमाग से रक्तस्राव होता है।
रसेल वाइपर का वैज्ञानिक नाम दाबोइया रसेली है। यह वाइपर्स की सबसे खतरनाक प्रजाति होती है। भारत में इस सांप के काटने से मरने वालों की संख्या अधिक होती है। इसके काटने से किडनी फेल हो जाती है। साथ ही कई अंग काम करना बंद कर देते हैं और अंदरुनी रक्तस्राव शुरू हो जाता है।
सॉ स्केल्ड वाइपर का वैज्ञानिक नाम एचिस केरिनेटस है। इन सांप के मुंह से आवाज नहीं निकलती बल्कि, इनके त्वचा पर जो स्केल होती है, उसे वे तेजी से आपस में रगड़ते हैं, जिससे घिर्र-घिर्र की आवाज निकलती है। इसके काटने से इंसान की किडनी फेल हो जाती है। जिस जगह काटा होता है, वहां शरीर में सूजन आ जाती है। एक से दो घंटे में इलाज नहीं मिला, तो मौत हो जाती है।
फर दे लांस सांप का वैज्ञानिक नाम बोथरोप्स एस्पर है। इसकी लंबाई करीब चार फुट से 8 फुट तक हो सकती है। इसका जहर अगर शरीर में गया तो इंसान का रंग काला पड़ने लगता है। यह पिट वाइपर्स भी कहा जाता है। वैज्ञानिकों का दावा है कि मादा सांप एक बार में करीब सौ बच्चों को पैदा कर सकती है।
ब्लैक मांबा सांप का वैज्ञानिक नाम डेंड्रोएस्पिस पॉलिलेपिस है। इसकी लंबाई करीब 8 फुट तक होती है। इंसान को मारने के लिए इसका दो बूंद जहर भी अगर शरीर में पहुंच जाए तो मौत निश्चित है। इसका जहर शरीर में पहुंचने के बाद मांसपेशियों पर हमला करता है और ज्वाइंट्स का निष्क्रिय कर देता है। इसकी स्पीड बहुत तेज होती है।
कोस्टल तैपान का वैज्ञानिक नाम आक्सीयूरेनस स्कूटेलेटस है। यह बेहद फुर्तीला होता है और स्पीड बहुत तेज होती है। इतनी तेज की यह काटकर भाग जाए और आप इसे देख भी नहीं पाते। यह नमी वाली जगहों पर ज्यादा मिलता है। खतरा महसूस होने पर यह जमीन से हवा में उछल भी सकता है। अगर जहर की मात्रा कम है और इलाज समय से मिल जाए तो बचने की संभावना रहती है।
बैंडेड करैत का वैज्ञानिक नाम बंगेरस फेसिएट्स है। इस सांप की स्पीड कम होती है। इसके काटने से शरीर में लकवा जैसी स्थिति हो जाती है। कई अंग काम करना बंद कर देते हैं और फेफड़े में हवा नहीं जाती, जिससे इंसान का दम फूलने लगता है और कुछ देर में उसकी मौत हो जाती है।
इनलैंड तैपान का वैज्ञानिक नाम हेल्यूरोनिडेस एंजाइम है। यह दुनिया के सबसे खतरनाक और जहरीले सांप में से एक है। यह बेहद फुर्तीला होता है। पहले शरीर को सिकोड़ता है और फिर तेजी से आगे बढ़कर या करीब-करीब उछलते हुए शिकार पर हमला करता है। इसके काटने से इंसान कुछ ही मिनटों में मर सकता है।