- Home
- World News
- मैं झुकूंगा नहीं: घायल सैनिकों के साथ सेल्फी खिंचवाते दिखे ज़ेलेंस्की, कहा-'दोस्तों जल्दी ठीक हो जाओ'
मैं झुकूंगा नहीं: घायल सैनिकों के साथ सेल्फी खिंचवाते दिखे ज़ेलेंस्की, कहा-'दोस्तों जल्दी ठीक हो जाओ'
वर्ल्ड न्यूज डेस्क. रूस-यूक्रेन के बीच जारी युद्ध (Russia Ukraine War) का 14 मार्च को 19वां दिन है। इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की कीव के एक सैन्य अस्पताल में भर्ती सैनिकों का मनोबल बढ़ाने पहुंचे। उन्होंने सैनिकों को बहादुरी से लड़ने के लिए पदक भी दिए। ज़ेलेंस्की ने सैनिकों के साथ सेल्फी ली और यूक्रेन के नागरिकों से रूस के खिलाफ युद्ध लड़ने का आह्वान किया। रविवार को अस्पताल पहुंचे ज़ेलेंस्की ने कहा-'दोस्तों, जल्दी ठीक हो जाओ। मुझे विश्वास है कि सबसे अच्छा उपहार हमारी जीत होगी!' यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने ज़ेलेंस्की के बयान का अंग्रेजी में अनुवाद किया, जिसे tweet किया। जेलेंस्की ने यूक्रेन के सशस्त्र बलों के 106 सैनिकों को 'यूक्रेन के नायकों' की उपाधि से सम्मानित किया, जिनमें से 17 को मरणोपरांत सम्मानित किया गया। देखिए आगे कुछ तस्वीरें...

यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की( Volodymyr Zelensky ) ने घायल सैनिकों को देखने के लिए अस्पताल की यात्रा के बाद अपने भाषण में यूक्रेनियन से संघर्ष करने और लड़ने का आग्रह किया है। बता दें कि सोमवार को ज़ेलेंस्की ने नाटो को चेतावनी दी कि पोलिश सीमा से 25 किलोमीटर (15 मील) से भी कम दूरी पर एक यूक्रेनी सैन्य अड्डे पर हवाई हमले के बाद उसके सदस्य राज्यों पर भी रूसी सेना द्वारा हमला हो सकता है।
ज़ेलेंस्की ने रविवार रात अपने संबोधन में कहा कि रूस ने यवोरिव सैन्य अड्डे(Yavoriv military base) पर 30 रॉकेट दागे। इस हमले में 35 लोगों की मौत हो गई और 134 अन्य घायल हो गए। इस बीच रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण दक्षिणी बंदरगाह शहर मारियुपोल में लंबी घेराबंदी के बीच भारी नुकसान हुआ है। यहां मरने वालों की संख्या 2,000 से ऊपर हो गई है।
जेलेंस्की ने नाटो देशों को चेताया कि अगर आप नो फ़्लाई जोन लागू नहीं करते हैं, तो यह सिर्फ कुछ समय में रूसी मिसाइलें आपके क्षेत्र, नाटो क्षेत्र पर नागरिकों के घरों पर गिरेंगी। ज़ेलेंस्की ने बुल्गारिया, स्लोवाकिया, चेक गणराज्य, रोमानिया, पोलैंड और ब्रिटेन का उल्लेख करते हुए कहा कि यूक्रेन अन्य देशों का समर्थन महसूस करता है।
जेलेंस्की ने घायल सैनिकों की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि हम अपने पास की सबसे कीमती चीजों की रक्षा करते हैं। हमें लड़ना होगा और हमें जीतना होगा। हमें इस पर विश्वास है।
इस बीच मारियुपोल शहर में सहायता पहुंचाने के लगातार प्रयास जारी हैं। सहायता एजेंसियों का कहना है कि यहां मानवीय तबाही का सामना करना पड़ रहा है। रूसियों द्वारा गोलीबारी बंद नहीं करने से एक एजेंसी को वापस लौटना पड़ा था। नगर परिषद ने रविवार को कहा कि लगातार रूसी बमबारी के दिनों में कुल 2,187 निवासियों की मौत हो गई है। यूक्रेन के रक्षा मंत्री ओलेक्सी रेजनिकोव ने कहा कि दुश्मन नरसंहार करके अंजाम देकर शहर को बंधक बना रहा है।
यूक्रेनी बलों ने 13 मार्च को 4 विमानों, 3 हेलीकॉप्टरों को नष्ट कर दिया। यूक्रेनी सशस्त्र बलों की वायु सेना कमान ने घोषणा की कि उसने 13 मार्च को विमान-रोधी मिसाइलों का उपयोग करके 7 रूसी विमानों और एक मानव रहित हवाई वाहन को मार गिराया था।
इस समय यूक्रेन के पश्चिमी इलाके में जबर्दस्त लड़ाई चल रही है। अभी तक यह क्षेत्र 'सेफ हैवन' बना हुआ था। यूक्रेन के ज्यादातर बड़े शहर बर्बाद हो चुके हैं। हालांकि यूक्रेन फिर भी झुकने को तैयार नहीं है।
19 दिन हुए युद्ध को
बता दें कि 14 मार्च को युद्ध का 19वां दिन है। इस भीषण लड़ाई का असर दुनियाभर पर दिखाई देगा। संयुक्त राष्ट्र(UN officials) के अधिकारियों के अनुसार, यूक्रेन के भीतर अनुमानित 1.9 मिलियन लोग विस्थापित हुए हैं, जो रूस के आक्रमण के बाद देश छोड़कर भाग गए 2.3 मिलियन से अधिक हैं। संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक(Stephane Dujarric) ने कहा कि आंतरिक रूप से विस्थापित अधिकांश लोग पश्चिम की ओर लल्विव( Lviv) की ओर बढ़ रहे हैं। मानवीय स्थिति खतरनाक गति से बिगड़ती जा रही है।
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।