RAC टिकट पर 2 यात्रियों को सिर्फ एक कंबल देने पर रेलवे पर 25,000 रुपये का जुर्माना लगा। उपभोक्ता आयोग ने इसे सेवा में कमी बताते हुए कहा कि प्रत्येक RAC यात्री पूरे बेडरोल का हकदार है।

नई दिल्ली: RAC टिकट पर सफर कर रहे दो यात्रियों को सिर्फ एक कंबल देना भारतीय रेलवे को महंगा पड़ गया। दिल्ली के एक कंज्यूमर कमीशन ने इस मामले में रेलवे पर 25,000 रुपये का जुर्माना लगाया है। कमीशन ने इसे रेलवे की सर्विस में गंभीर लापरवाही माना है। यह मामला अक्टूबर 2022 का है, जब दो यात्री प्रयागराज से दिल्ली की यात्रा कर रहे थे।

एक ही RAC टिकट पर सफर कर रहे दो अनजान यात्रियों को ट्रेन के स्टाफ ने एक कंबल, एक तकिया और दो बेडशीट दीं। जब एक यात्री ने दूसरे कंबल की मांग की, तो अटेंडेंट ने मना कर दिया। उसने कहा कि नियम के मुताबिक एक सीट पर एक कंबल, एक तकिया और दो बेडशीट ही दी जाती हैं। इसके बाद यात्री ने TTE से शिकायत पुस्तिका मांगी, लेकिन TTE ने वह भी देने से इनकार कर दिया।

यात्री की शिकायत पर सुनवाई करते हुए कमीशन ने रेलवे बोर्ड के 2009 के एक सर्कुलर का हवाला दिया। कमीशन ने साफ किया कि AC क्लास में RAC यात्रियों से भी टिकट के साथ बेडरोल का चार्ज वसूला जाता है। इसलिए, उन्हें भी पूरा बेडरोल (जिसमें कंबल, तकिया, बेडशीट शामिल हैं) पाने का पूरा अधिकार है। कमीशन ने यात्री को हुई मानसिक परेशानी और शारीरिक असुविधा के लिए मुआवजे के तौर पर 20,000 रुपये और केस लड़ने के खर्च के लिए 5,000 रुपये देने का आदेश दिया है। इस तरह रेलवे को कुल 25,000 रुपये चुकाने होंगे।