Snake Hiding Places at Home: बारिश में सांप घर के अंदर आ सकते हैं। घर के 5 कोनों में अपना सेफ हाउस बना सकते हैं। जानिए ये जगहें कौन-कौन सी हैं और आपको क्या करना चाहिए।

Snakes Hiding Places: बारिश के मौसम में अक्सर सांप काटने की खबरें सुनने को मिलती हैं। इस समय घरों में सांप और दूसरे रेंगने वाले जीवों के घुसने का खतरा काफी ज्यादा बढ़ जाता है। खेत, खाली प्लॉट और झाड़ियों में पानी भरने के बाद सांप सूखी और सुरक्षित जगह की तलाश में घरों की तरफ आ सकते हैं। वे आपके घर के अंदर घुसकर ऐसी जगहों पर छिप जाते हैं, जहां आपका ध्यान नहीं जाता है। यही वजह है कि इस मौसम में घर के कुछ कोनों पर नजर रखना जरूरी हो जाता है। आइए जानते हैं सांप घर में सबसे ज्यादा कहां छिप सकते हैं, जहां आपको अच्छी तरह चेक करते रहना चाहिए...

अलमारी और बक्से के पीछे का अंधेरा कोना

पुरानी अलमारियां, लकड़ी के बक्से या दीवार के साथ सटाकर रखे गए सामान के पीछे की जगह सांप छिप सकते हैं। इन जगहों के पीछे अक्सर लंबे समय तक सफाई नहीं होती है। यहां अंधेरा रहता है और किसी इंसान की आवाजाही भी कम होती है। अगर अलमारी दीवार से थोड़ी दूर हो या उसके आसपास पुराने सामान के डिब्बे रखे हों, तो ऐसी जगह सांप के छिपने की आशंका बन सकती है। बारिश के मौसम में इन कोनों को सिर्फ ऊपर से देखकर छोड़ने के बजाय सुरक्षित तरीके से चेक करना बेहतर है। हालांकि, छिपे हुए सांप के करीब जाने या हाथ डालकर उसे निकालने की कोशिश बिल्कुल न करें।

वॉशिंग मशीन के पीछे और मोटर के पास की जगह

वॉशिंग मशीन या मोटर आमतौर पर घर के ऐसे हिस्से में रखी जाती है, जहां पानी की सुविधा हो और आवाजाही सीमित हो। इसके पीछे या आसपास पाइप, डिब्बे और दूसरे सामान भी पड़े रहते हैं। ऐसे हिस्से में अगर अंधेरा हो और लंबे समय से सफाई न हुई हो तो वहां किसी जीव के छिपने की जगह बन सकती है। इसलिए बारिश में वॉशिंग मशीन के पीछे और आसपास का हिस्सा साफ रखें और सामान का ढेर न लगने दें। ध्यान रखें मशीन को अचानक खींचने, उसके पीछे हाथ डालने या किसी छेद में डंडा डालने से बचें।

जूतों और चप्पलों का रैक

बारिश में जूते-चप्पल अक्सर घर के दरवाजे के पास या वहां रखे रैक या फिर किसी कोने में रख दिए जाते हैं। इसी तरह पुराने कार्टन, कपड़े, बोरे और दूसरे सामान भी लंबे समय तक एक जगह पड़े रह सकते हैं। इन चीजों के बीच कोई छोटा जीव छिप सकता है। इसलिए बाहर रखे जूते पहनने से पहले उन्हें अच्छी तरह देख लेना एक आसान सावधानी है। खासकर ऐसे घरों में जहां आसपास खेत, खाली जमीन या घनी झाड़ियां हों, ये आदत और भी जरूरी हो जाती है।

स्टोर रूम, लकड़ी और कबाड़ वाली जगह

घर का स्टोर रूम कई बार ऐसी चीजों से भर जाता है जिनका इस्तेमाल महीनों तक नहीं होता। पुराने फर्नीचर, लकड़ी, बोरे, गत्ते और कबाड़ के बीच अंधेरा और कम आवाजाही रहती है। बारिश के मौसम में ऐसी जगहों की सफाई करते समय खास सावधानी बरतें। सामान हटाने से पहले उसे दूर से देखें। हाथ सीधे किसी कोने, बॉक्स या लकड़ी के ढेर में न डालें।

बाथरूम का ड्रेनेज पाइप और पानी की निकासी

बाथरूम या वॉश बेसिन का पानी बाहर जाने वाला पाइप सांपों के लिए घर के अंदर आने का सबसे आसान रास्ता होता है। पानी के बहाव और सीलन की वजह से सांप नालियों के रास्ते बहुत आसानी से बाथरूम या किचन तक पहुंच जाते हैं। इसलिए सभी नालियों और ड्रेनेज होल पर मजबूत प्लास्टिक या लोहे की जाली जरूर लगवाएं ताकि कोई भी जीव अंदर न आ सके।

क्या सिर्फ इन 5 जगहों पर ही सांप छिपते हैं

सांप के लिए कोई एक तय 'पसंदीदा' जगह नहीं होती है। वो ऐसी जगह तलाश सकते हैं, जहां उसे सुरक्षा, छिपने की जगह और भोजन मिल सके। इसलिए घर के आसपास घास, कचरा, लकड़ी के ढेर और पत्थरों का जमावड़ा कम रखें। दीवारों या फर्श में बड़े छेद दिखाई दें तो उन्हें ठीक करवाएं। दरवाजों के नीचे बहुत ज्यादा गैप हो तो उसे भी बंद करने की व्यवस्था करें।