भाजपा अध्यक्ष अमित शाह हरियाणा में 21 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिये रैली करने वाले थे, इससे कुछ ही देर पहले सिंह महम में भाजपा में शामिल हुए।

रोहतक. हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री और हाल ही में कांग्रेस छोड़ने वाले संपत सिंह बुधवार को केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल हो गए। सिंह ने सोमवार को कांग्रेस छोड़ दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि पार्टी में उनकी कद्र नहीं की गई। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह हरियाणा में 21 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिये रैली करने वाले थे, इससे कुछ ही देर पहले सिंह महम में भाजपा में शामिल हुए। इस दौरान शाह के अलावा भाजपा के कई अन्य नेता मौजूद रहे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

इनेलो से कांग्रेस में हुए थे शामिल

इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की तत्कालीन राज्य सरकार में मंत्री रहे सिंह इनेलो छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। उन्होंने दावा किया कि 2009 में हरियाणा में कांग्रेस को सत्ता में लाने में दिये गए योगदान के लिए उनकी कद्र नहीं की गई।

वह आगामी विधानसभा चुनाव में नलवा विधानसभा सीट से टिकट पाने के इच्छुक थे। कुछ दिन पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने संकेत दिये थे कि संपत सिंह भाजपा में शामिल हो सकते है।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)