सर्दियों के मौसम में कुछ बीमारियां बढ़ जाती हैं। सर्दी के मौसम की शुरुआत में सर्दी-खांसी की समस्या ज्यादा परेशान करती है। इसके अलावा, हाई ब्लड प्रेशर और जोड़ों के दर्द की समस्या भी बढ़ती है। 

हेल्थ डेस्क। सर्दियों के मौसम में कुछ बीमारियां बढ़ जाती हैं। सर्दी के मौसम की शुरुआत में सर्दी-खांसी की समस्या ज्यादा परेशान करती है। इसके अलावा, हाई ब्लड प्रेशर और जोड़ों के दर्द की समस्या भी बढ़ती है। अस्थमा और डिप्रेशन की बीमारी भी सर्दियों में ज्यादा ही परेशान करती है। जानते हैं सर्दियों में होने वाली बीमारियों और इनसे बचाव के उपायों के बारे में। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

1. खांसी-जुकाम
सर्दियों के मौसम में अक्सर खांसी-जुकाम की समस्या ज्यादा परेशान करती है। यह परेशानी बच्चों को ज्यादा ही होती है। जिन लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है, उन्हें सर्दी-जुकाम की समस्या अक्सर परेशान करती है। इससे बचाव के लिए धूल-मिट्टी से दूर रहना चाहिए। बाहर निकलते समय सिर और गले को पूरी तरह ढक कर बाहर निकलें। गले में खराश की समस्या होती हो तो नमक मिले गुनगुने पानी से गरारे करने से फायदा होगा। 

2. अस्थमा
इस बीमारी में सांस लेने में परेशानी होती है। यह बीमारी एक खास तरह की एलर्जी की वजह से होती है। इसमें सांस की नली में सूजन आ जाने से दम भी फूलने लगता है और खांसी के दौरे आते हैं। सर्दियों में अस्थमा के रोगियों की परेशानी बढ़ जाती है। इसलिए अस्थमा के रोगियों को ठंड से बचाव करना चाहिए। अगर बाहर निकलने से परेशानी बढ़ती हो तो घर में ही रहें।

3. आर्थराइटिस
सर्दियों में आर्थराइटिस की समस्या ज्यादा परेशान करती है। आर्थराइटिस में जोड़ों में तेज दर्द होता है। दरअसल, सर्दियों में जोड़ों में सूजन बढ़ जाती है और नसें सिकुड़ जाती हैं। शरीर में अकड़न आ जाती है। इसलिए दर्द ज्यादा महसूस होता है। इससे बचाव के लिए कुछ ऐसे एक्सरसाइज करें, जो बिस्तर पर ही किए जा सकते हों। ठंडी हवा में बाहर नहीं निकलें और सरसों के तेल में लहसुन मिला कर उसे गर्म कर जोड़ों पर मालिश करें।

4. हाई ब्लड प्रेशर
जो लोग हाई ब्लड प्रेशर और दिल की बीमारियों के शिकार हैं, उन्हें सर्दियों में अपना विशेष ख्याल रखना चाहिए। हाई ब्लड प्रेशर की समस्या इस मौसम में ज्यादा बढ़ती है। डॉक्टरों का कहना है कि सर्दियों में हाई ब्लड प्रेशर की समस्या इसलिए भी बढ़ती है, क्योंकि इस मौसम में पसीना नहीं निकलता है। इससे शरीर में नमक की मात्रा ज्यादा बढ़ जाती है। इससे बचाव के लिए नियमित ब्लड प्रेशर चेक करवाएं और दवाएं लें। जरूरी एक्सरसाइज भी करते रहें। भोजन में नमक की मात्रा कम कर दें।

5. डिप्रेशन
देखा गया है कि सर्दियों के मौसम में डिप्रेशन के मरीजों की परेशानी बढ़ जाती है। ऐसा क्यों होता है, इसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिलती, पर हार्मोन में असंतुलन पैदा होने से ऐसा हो सकता है। कई बार विटामिन डी की कमी से भी ऐसा होता है। इसलिए जो लोग डिप्रेशन की समस्या से पीड़ित हैं, उन्हें धूप में थोड़ा घूमना चाहिए। अगर वे दवाई ले रहे हैं तो समस्या बढ़ने पर मनोचिकित्सक से मिलें और किसी न किसी काम मे खुद को व्यस्त रखें।