- Home
- India Independence
- News
- Lucknow Weather Update: घना कोहरा, सिहरती हवाएं और AQI 350! लखनऊ में हालात बिगड़े
Lucknow Weather Update: घना कोहरा, सिहरती हवाएं और AQI 350! लखनऊ में हालात बिगड़े
लखनऊ घने कोहरे और कड़ाके की ठंड की चपेट में है। दृश्यता 10 मीटर तक सिमट गई है। मौसम विभाग ने 7 जनवरी के लिए कोल्ड डे का येलो अलर्ट जारी किया है। ठंडी पछुआ हवाओं और खराब AQI ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

कोहरे की चादर में लखनऊ, 10 मीटर पर थमी नजर; कोल्ड डे का येलो अलर्ट जारी
सुबह की शुरुआत ही मानो धुंध में कैद हो गई। राजधानी लखनऊ मंगलवार को घने कोहरे और सर्द हवाओं की गिरफ्त में नजर आई, जहां कई इलाकों में दृश्यता 10 मीटर से आगे तक सिमट गई। कहीं ओस की बूंदें हल्की बारिश का एहसास कराती रहीं, तो कहीं ठंड से बचने के लिए लोग अलाव के सहारे बैठे दिखे। रोजमर्रा के काम के लिए बाहर निकलने वालों ने खुद को गर्म कपड़ों में पूरी तरह ढक रखा था।
तापमान में गिरावट, 7 जनवरी को कोल्ड डे का अलर्ट
मंगलवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 8 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार, 7 जनवरी को अधिकतम तापमान 15 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने लखनऊ के लिए कोल्ड डे का येलो अलर्ट जारी किया है।
पछुआ हवाओं से बढ़ी ठंड, कोहरे में धीरे-धीरे कमी
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद पहाड़ों से आ रही ठंडी और शुष्क पछुआ हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है। हालांकि कोहरे के घनत्व में धीरे-धीरे कमी दर्ज की जा रही है। दिन में धूप निकलने से कोल्ड डे की स्थिति में आंशिक सुधार देखा जा रहा है। अगले दो दिनों के बाद कोहरे में और कमी आने तथा तापमान में बढ़ोतरी के साथ ठंड से कुछ राहत मिलने की संभावना है।
ठंड के साथ प्रदूषण ने बढ़ाई चिंता
कोहरे और शीतलहर के बीच राजधानी की हवा भी लगातार खराब बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक मंगलवार रात करीब आठ बजे लखनऊ का AQI लगभग 350 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। सुबह और शाम के समय लोगों को सांस लेने में परेशानी महसूस हो रही है। विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को घर में ही रहने और अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।
इटावा सबसे ठंडा, मनाली से भी कम तापमान
बीते 24 घंटों में इटावा प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह तापमान हिमाचल प्रदेश के मनाली (3 डिग्री) से भी कम रहा। अन्य जिलों में न्यूनतम तापमान इस प्रकार रहा- गोरखपुर 4.5 डिग्री, कानपुर नगर 4.6 डिग्री और आजमगढ़ 5.2 डिग्री सेल्सियस। कानपुर, बाराबंकी, गोंडा, बहराइच, आजमगढ़ और गोरखपुर समेत कई जिलों में सुबह सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
कड़ाके की ठंड से स्कूलों में छुट्टी
प्रदेशभर में बढ़ती ठंड को देखते हुए कक्षा 8 तक के सभी स्कूल 14 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं। कई जिलों में कक्षा 12 तक के स्कूल भी या तो अस्थायी रूप से बंद हैं या बदले हुए समय पर संचालित हो रहे हैं। लखनऊ में भी 6, 7 और 8 जनवरी को कक्षा 8 तक की पढ़ाई स्थगित कर दी गई है।
