भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को यहां कहा कि जो आदिवासी निर्दोष हैं और जिन्हें बरगला कर पत्थलगड़ी आंदोलन में मोहरा बनाया गया, उनके खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने का वह स्वागत करती है 

रांची: भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को यहां कहा कि जो आदिवासी निर्दोष हैं और जिन्हें बरगला कर पत्थलगड़ी आंदोलन में मोहरा बनाया गया, उनके खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने का वह स्वागत करती है लेकिन संविधान विरोधी और राष्ट्र विरोधी कार्य करने वाले असली षड्यंत्रकारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने राज्य कैबिनेट के द्वारा पत्थलगड़ी और सीएनटी एसपीटी से जुड़े सारे मुकदमों को वापस लेने के निर्णय पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर किसी निर्दोष आदिवासी को बरगला कर सरकार के खिलाफ आंदोलन करने के क्रम में मुकदमा हुआ है तो उन मुकदमों को वापस लिए जाने का भाजपा स्वागत करती है, लेकिन जिन लोगों ने मास्टरमाइंड और मुख्य षड्यंत्रकारी की भूमिका निभाते हुए पत्थलगड़ी को विकृत रूप से परिभाषित कर देश और संविधान के खिलाफ आंदोलन चलाया था, उनके खिलाफ दर्ज मामले वापस लिए जाने का भाजपा कड़ा विरोध करती है।

भाजपा के लिए देश हित सर्वोपरि-

उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए देश हित सर्वोपरि है और देश की एकता, संप्रभुता और अखंडता से खिलवाड़ करने वाले लोगों को किसी भी सूरत में कोई रियायत नहीं मिलनी चाहिए। शाहदेव ने कहा कि इन्हीं षड्यंत्रकारियों ने एक समय खूंटी के पूरे इलाके को अशांत कर दिया था और पुलिसकर्मियों तक के हथियार भी लूट लिए गये थे और उनका अपहरण भी करवा दिया था।

आदिवासियों को लेकर कहीं ये बात-

उन्होंने कहा कि इन्हीं देश विरोधी तत्वों ने संविधान की भावना के विपरीत भोले-भाले आदिवासियों को भड़का कर कुछ इलाकों में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी थी। शाहदेव ने कहा कि इन्हीं विकास विरोधी षड्यंत्रकारियों ने कुछ इलाकों में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं पर रोक लगा दी थी और सरकारी स्कूलों तक को बंद करवा दिया था। उन्होंने कहा कि राष्ट्र विरोधी तत्वों के खिलाफ भाजपा का अभियान हमेशा जारी रहेगा।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)