लवमैरिज के बाद एक दामाद जितनी बार भी अपने मायके जाकर पत्नी को लेकर आया..उतनी बार सास ने बखेड़ा खड़ा कर दिया। अब दामादजी जेल में हैं। जानिए पूरी कहानी 

गुमला, झारखंड. आदतन अपराधी से बेटी ने शादी तो कर ली, लेकिन उसकी मां को यह कभी सहन नहीं हुआ। दामाद..जितनी बार बेटी को मायके से अपने साथ ले गया..सास ने उतनी बार उसकी पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी। इस बार पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस की गोलीबारी में दामाद को गोली भी लगी है। चूंकि उसका रिकॉर्ड पहले से ही खराब है, लिहाजा पुलिस ने उस पर लड़की के किडनैप का मामला दर्ज किया था। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को मालूम चला कि उसने लड़की से लवमैरिज कर ली थी। पुलिस को यह भी मालूम चला कि आरोपी की सास उसे पसंद नहीं करती थी। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

ऐसे पकड़ा गया दामाद
नवागढ़ पतराटोली निवासी उर्मिला देवी ने 6 मार्च को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बेटी माधुरी कुमारी का सुंदरपुर में रहने वाले नारायण सिंह ने किडनैप कर लिया है। उर्मिला देवी ने पहले भी दो बार ऐसी ही शिकायत दर्ज कराई थी। इस बार पुलिस सक्रिय हुई और रायडीह के साथ पालकोट पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करके नारायण के ठिकाने पर दबिश दी। उस वक्त नारायण सिंह माधुरी के साथ मौजूद था। रात 11 बजे पुलिस ने फायरिंग की। एक गोली नारायण सिंह के हाथ में लगी। नारायण सिंह के पास एक पिस्टल थी। हालांकि बाद में उसने सरेंडर कर दिया।

दामाद ने सुनाई कहानी..
नारायण सिंह ने बताया कि वर्ष, 2017 में उसने माधुरी से कोर्ट में लवमैरिज की ली थी। लेकिन सास को यह मंजूर नहीं है। वो माधुरी को उसके साथ नहीं आने देना चाहती थी, इसलिए बार-बार पुलिस में शिकायत दर्ज करा देती है। पुलिस के अनुसार,आरोपी को एक मामले में गिरफ्तार करके 2016 में जेल भेजा गया था। जेल से निकलने के बाद वो एक साल गुजरात में रहा। वहां से लौटने के बाद शादी कर ली।