राहुल सिंह, थाना प्रभारी, परसुडीह ने बताया कि युवक ने छत से कूद आत्महत्या का प्रयास किया है। उसकी हालत गंभीर है। कारणों का पता नहीं चल पाया है। परिवार वालों को घटना की जानकारी दे दी गई है। 

जमशेदपुर. जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के प्रमथनगर में शनिवार की सुबह एक युवक अर्धनिर्मित फ्लैट के छठे मंजिल से कूद गया। लोग उसे रोकते रह गए लेकिन उसने किसी की ना सुनी। उसने छत से कूद आत्महत्या का प्रयास किया। लेकिन उसकी जान बच गई। गंभीर हालत में उसे पुलिस ने सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे महात्मा गांधी मेमोरियल अस्पताल (एमजीएम) रेफर कर दिया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उसके सिर पर गहरी चोट है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पॉकेट से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान हुई। युवक सुकुमार कर्मकार ( 25) एमजीएम थाना क्षेत्र के कालाझोर गांव का रहने वाला है। पुलिस ने घायल के परिजनों को मामले की जानकारी दे दी है। युवक ने आत्महत्या का प्रयास क्यों किया, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस के अनुसार युवक के होश में आने के बाद ही कारणों का पता चलेगा। 

20 मिनट तक सड़क पर पड़ा रहा युवक
लोगों के अनुसार घटना के बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। इस दौरन युवक करीब 20 मिनट तक घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा रहा। फिर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से उसे सदर अस्पताल ले गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार युवक करीब 10 बजे फ्लैट के पास दौड़ते हुए आया। दौड़ते हुए वह फ्लैट के छत पर चढ़ गया। लोगों ने उसे रोकने का प्रयास किया लेकिन उसने किसी की ना सुनी और छत से छलांग लगा दिया। लोगों ने बताया की युवक को पहले यहां कभी नहीं देखा गया था। पहली बार युवक को यहां देखा गया। लोगों के अनुसार फ्लैट मालिक ने फ्लैट का काम अधूरा छोड़ दिया है। यहां सिक्योरिटी गार्ड भी नहीं है। जिससे स्थानीय लोगों को भी काफी परेशानी हो रही है। छत पर अक्सर आसपास के युवक अड्डेबाजी करने आते है। कुछ महीने पूर्व ही यहां से एक युवक ने कूद आत्महत्या की थी। 

इसे भी पढ़ें- रामगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसाः पिकअप ने खोया कंट्रोल, डिवाइडर से टकराई, तीन की मौत, आधा दर्जन लोग गंभीर घायल