बारिश के दिनों में मक्खी और भुनगों से परेशान हैं, तो चलिए आज हम आपको इनसे छुटकारा पाने के कुछ टिप्स बताएंगे। इस टिप्स से आप भिनभिनाती हुई मक्खियों से राहत पा सकते हैं।

How to Control House Flies: बारिश का मौसम पानी गिरने के कारण ठंडा और बहुत सुहावना लगता है। हर तरफ हरियाली वातवरण को सुंदर बना देती है। लेकिन बाहर की सुंदरता घर के अंदर आफत बन जाती है। मानसून में वातावरण में बढ़ती नमी और गंदगी की वजह से मक्खियां, भुनगे और छोटे-छोटे कीड़े घर में तेजी से फैल जाते हैं। ये न सिर्फ गंदे लगते हैं, बल्कि बीमारी के कारण बनते हैं। मक्खियों से डायरिया, फूड पॉयजनिंग और टाइफाइड फैलने लगता है। खासकर किचन और डस्टबिन के आसपास इनका जमावड़ा ज्यादा होता है। बाहर रखे फल, सब्जी, नींबू और खाने के पास ये तेजी से भिनभिनाते हैं, जो देखने में बहुत खराब लगता हैं। अगर आप भी भिनभिनाती मक्खियों से परेशान हैं तो ऐसे में इनसे छुटकारा पाने के लिए कुछ घरेलू उपाय बता रहेहैं। तो चलिए जानें बारिश में मक्खियों और भुनगों से छुटकारा पाने के 10 असरदार और आसान टिप्स:

मक्खियों और भुनगों से छुटकारा पाने के असरदार उपाय:

सिरका और डिशवॉश ट्रैप बनाएं:

एक कटोरी में थोड़ा सेब का सिरका (apple cider vinegar) लें, उसमें कुछ बूंदें डिशवॉश लिक्विड मिलाएं। ऊपर से प्लास्टिक रैप लगाकर उसमें छेद करें। मक्खियां इसकी खुशबू से आकर्षित होकर कटोरी में फंस जाएंगी।

तुलसी और पुदीना के पौधे घर में लगाएं:

मक्खियां इन पौधों की खुशबू से दूर भागती हैं। किचन विंडो या दरवाजों के पास तुलसी और पुदीना का पौधा रखने से काफी राहत मिलेगी।

कपूर का धुआं करें:

कपूर जलाकर उसका धुआं कमरे या किचन में फैलाएं। मक्खियों और अन्य कीड़ों को यह बिल्कुल पसंद नहीं होता और वो वहां से भाग जाते हैं।

नींबू में लौंग लगाकर रखें:

नींबू को काटकर उसमें कुछ लौंग लगा दें और इसे कमरे के कोनों में या खिड़की के पास रखें। मक्खियां वहां फटकेंगी तक नहीं।

खिड़की-दरवाजों में नेट लगवाएं:

मच्छरों और मक्खियों को रोकने के लिए फाइबर या वायर नेट्स लगवाएं ताकि वे बाहर से अंदर न आ सकें।

डस्टबिन हमेशा बंद रखें:

खुले डस्टबिन मक्खियों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण होते हैं। डस्टबिन में ढक्कन जरूर लगाएं और उसे रोजाना साफ करें।

कीटनाशक स्प्रे का करें:

घर के कोनों, खिड़की-दरवाजों और किचन में रात को सोने से पहले कीटनाशक स्प्रे करें। बाजार में हर्बल और कैमिकल दोनों ऑप्शन मिलते हैं।

गुड़ और पानी का जाल:

एक बोतल में थोड़ा पानी और गुड़ मिलाएं। इसकी मीठी गंध मक्खियों को अपनी ओर आकर्षित करेगी और वे इसमें फंस जाएंगी।

नमक और नींबू से सफाई करें:

किचन के फर्श, सिंक और डस्टबिन को नमक-नींबू से साफ करने पर मक्खियों का आना कम हो सकता है।

खाने को हमेशा ढ़ककर रखें:

खुले खाने पर मक्खियां बैठती हैं और वहीं से बीमारियां फैलती हैं। खाने को हमेशा कवर करके रखें और फ्रिज में स्टोर करें।