Hair Care Tips: क्या गर्म पानी से बाल धोने से बाल कमजोर और रूखे हो सकते हैं?  बालों को चमकदार और फ्रिज-फ्री रखने के लिए किस तापमान के पानी का इस्तेमाल करना चाहिए? हार्ड वॉटर बालों को कैसे नुकसान पहुंचाता है और इससे बचाव के लिए क्या करें?

अगर आप भी रोजाना गर्म पानी से लंबे समय तक शॉवर लेना पसंद करते हैं, तो यह आदत आपके बालों की सेहत बिगाड़ सकती है। नीता अंबानी, ईशा अंबानी और दीपिका पादुकोण जैसी हस्तियों के हेयर स्टाइलिस्ट यियानी त्सापाटोरी (Yianni Tsapatori) ने हाल ही में बालों की देखभाल से जुड़ा एक अहम टिप साझा किया है। उनका कहना है कि बहुत गर्म पानी से बाल धोना बालों की चमक और मजबूती को नुकसान पहुंचा सकता है। एक इंटरव्यू के दौरान यियानी ने बताया कि बाल धोने के बाद आखिरी बार ठंडे या सामान्य पानी से रिंस करना चाहिए। इससे बाल अधिक मुलायम, चमकदार और फ्रिज-फ्री बने रहते हैं। उनका मानना है कि बालों की अच्छी सेहत के लिए यह समझना जरूरी है कि बाल कैसे बढ़ते हैं और उनकी संरचना कैसे काम करती है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

गर्म पानी बालों को कैसे नुकसान पहुंचाता है?

गर्म पानी से नहाना भले ही आरामदायक लगता हो, लेकिन यह बालों की बाहरी परत यानी क्यूटिकल (Cuticle) को नुकसान पहुंचा सकता है। क्यूटिकल बालों की सुरक्षा कवच की तरह काम करती है। जब बाल बहुत गर्म पानी के संपर्क में आते हैं, तो यह परत खुलने लगती है और बालों की प्राकृतिक नमी बाहर निकल जाती है। इस वजह से बाल रूखे, बेजान और फ्रिजी दिखाई देने लगते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, अत्यधिक गर्मी बालों में मौजूद केराटिन प्रोटीन को भी कमजोर कर सकती है, जिससे बाल टूटने, दोमुंहे होने और चमक खोने लगते हैं। वहीं ठंडा पानी क्यूटिकल को सील करने में मदद करता है, जिससे बालों में नमी बनी रहती है और वे अधिक स्मूद व शाइनी नजर आते हैं।

स्वस्थ बालों के लिए स्कैल्प की सफाई है जरूरी

यियानी के अनुसार, खूबसूरत और मजबूत बालों की शुरुआत स्वस्थ स्कैल्प से होती है। अक्सर लोग केवल बालों की लंबाई को साफ करने पर ध्यान देते हैं और स्कैल्प की सफाई को नजरअंदाज कर देते हैं। बाल धोते समय उंगलियों के पोरों से हल्के हाथों से स्कैल्प की मसाज करनी चाहिए। नाखूनों का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे त्वचा को नुकसान पहुंच सकता है। यह प्रक्रिया अतिरिक्त तेल, धूल, गंदगी और डेड स्किन को हटाने में मदद करती है तथा रक्त संचार को भी बेहतर बनाती है। उन्होंने यह भी बताया कि सिर के पीछे गर्दन के पास वाला हिस्सा (Nape Area) अक्सर साफ नहीं हो पाता। इस हिस्से की अच्छी तरह सफाई करना भी स्कैल्प हाइजीन के लिए बेहद जरूरी है।

और पढ़ें: सोने सी चमक वाली कटवर्क फैंसी अंगूठी, 5 नई डिजाइन से हाथों को दें रॉयल लुक

क्या हार्ड वॉटर भी खराब कर सकता है बाल?

बालों की खराब गुणवत्ता के पीछे हार्ड वॉटर भी एक बड़ी वजह हो सकता है। हार्ड वॉटर में कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे खनिज अधिक मात्रा में पाए जाते हैं। ये मिनरल्स बालों पर जमा होकर उन्हें रूखा, बेजान और उलझने वाला बना सकते हैं। अगर आपके इलाके में हार्ड वॉटर की समस्या है, तो अंतिम रिंस के लिए फिल्टर किए गए पानी या बोतलबंद पानी का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे बालों पर मिनरल्स का जमाव कम होता है और बालों की बनावट बेहतर बनी रहती है।

और पढ़ें: Messy Hairstyle: चिकना नहीं मेसी हेयरस्टाइल का आया जमाना, ट्राई करें 6 हेयर डू