कई देश पर्यटकों का स्वागत करने के लिए वीज़ा-मुक्त नीति लागू कर रहे हैं। लेकिन इनमें से भी कुछ देश ऐसे हैं जहाँ भारतीय पर्यटक सबसे ज़्यादा जाना पसंद करते हैं।

छुट्टियों में भारतीय लोग घूमने-फिरने को बहुत ज़्यादा तवज्जो दे रहे हैं। खासकर कोविड के बाद से भारतीयों का घूमने का शौक और भी बढ़ गया है। कई देश पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए वीज़ा-मुक्त नीति लागू कर रहे हैं। ऐसे में डिजिटल ट्रैवल प्लेटफ़ॉर्म 'अगोडा' ने उन देशों की रैंकिंग जारी की है जहाँ भारतीय पर्यटक सबसे ज़्यादा जाना पसंद करते हैं। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

यह रैंकिंग अगोडा पर की गई बुकिंग के आधार पर तैयार की गई है। इस लिस्ट में थाईलैंड, इंडोनेशिया, मलेशिया, श्रीलंका और नेपाल जैसे देशों को सबसे लोकप्रिय स्थलों के रूप में जगह मिली है।

पिछले साल नवंबर में थाईलैंड द्वारा भारतीय पर्यटकों के लिए वीज़ा नियमों में ढील दिए जाने के बाद से बड़ी संख्या में भारतीय पर्यटक यहाँ घूमने आ रहे हैं। इसी तरह मलेशिया ने भी पिछले साल दिसंबर में भारतीय पर्यटकों के लिए वीज़ा नियमों में ढील दी थी। जिसके बाद 2023 में आठवें पायदान पर रहने वाला मलेशिया 2024 की पहली छमाही में चौथे पायदान पर पहुंच गया है। 

अगोडा में भारत के सीनियर कंट्री डायरेक्टर, कृष्णा राठी का कहना है कि वीज़ा-मुक्त स्थलों के प्रति भारतीय यात्रियों का आकर्षण बढ़ा है। वहीं, अगोडा के सीईओ ओमरी मोर्गनशेर्न का मानना है कि वीज़ा प्रतिबंधों को हटाने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। 

बता दें कि दुनिया के सबसे शक्तिशाली पासपोर्ट की लिस्ट में भारत 82वें पायदान पर है। भारतीय पासपोर्ट धारक बिना वीज़ा के 58 देशों की यात्रा कर सकते हैं। इन्हीं देशों में से थाईलैंड, इंडोनेशिया, मलेशिया, श्रीलंका और नेपाल सबसे लोकप्रिय देश बनकर उभरे हैं।