Mosquito Bite Reasons: क्या वजह है कि एक ही जगह बैठे कई लोगों में से मच्छर सिर्फ कुछ लोगों को ही अपना निशाना बनाते हैं? इसका जवाब आपकी सोच से बिल्कुल अलग हो सकता है। शरीर की कुछ ऐसी खास बातें हैं जो मच्छरों को आपकी ओर खींच लाती हैं। जानिए आखिर क्या है इसके पीछे का बड़ा वैज्ञानिक राज।
Mosquito Attraction: बरसात के मौसम में मच्छरों का आतंक बढ़ जाता है, लेकिन क्या आपने कभी गौर किया है कि एक ही जगह बैठे लोगों में से मच्छर कुछ लोगों को ही ज्यादा काटते हैं? इसके पीछे सिर्फ किस्मत नहीं, बल्कि शरीर से जुड़ी कई वैज्ञानिक वजहें होती हैं। आइए जानते हैं किन कारणों से कुछ लोग मच्छरों के लिए ज्यादा आकर्षक बन जाते हैं।
शरीर से निकलने वाली गंध करती है आकर्षित
हर व्यक्ति के शरीर से अलग-अलग तरह की गंध और केमिकल्स निकलते हैं। पसीने में मौजूद लैक्टिक एसिड, अमोनिया और अन्य प्राकृतिक तत्व मच्छरों को आकर्षित कर सकते हैं। यही वजह है कि कुछ लोगों के आसपास मच्छर ज्यादा मंडराते हैं।
ज्यादा कार्बन डाइऑक्साइड छोड़ने वाले लोग
मच्छर हमारी सांस से निकलने वाली कार्बन डाइऑक्साइड (CO₂) को दूर से महसूस कर लेते हैं। जो लोग ज्यादा CO₂ छोड़ते हैं, कोई लंबे कद वाले लोग या हैवी वर्कआउट करने के बाद, वे मच्छरों को ज्यादा आकर्षित कर सकते हैं।
शरीर का तापमान और पसीना भी है वजह
अगर शरीर का तापमान ज्यादा है या आप अधिक पसीना बहाते हैं, तो मच्छरों के काटने की संभावना बढ़ सकती है। इसलिए एक्सरसाइज के तुरंत बाद या गर्म मौसम में बाहर रहने पर मच्छर अधिक परेशान कर सकते हैं।
ब्लड ग्रुप और गर्भावस्था का भी हो सकता है असर
कुछ रिसर्च में यह पाया गया है कि O ब्लड ग्रुप वाले लोगों की ओर मच्छर अपेक्षाकृत ज्यादा आकर्षित हो सकते हैं। वहीं गर्भवती महिलाओं में शरीर का तापमान और कार्बन डाइऑक्साइड का उत्सर्जन थोड़ा अधिक होने के कारण उन्हें भी मच्छर ज्यादा काट सकते हैं। हालांकि, इस विषय पर अभी भी शोध जारी है।
ये भी पढ़ें- देसी घर भी दिखेंगे किसी रिसॉर्ट से कम नहीं, अपनाएं ये 5 होम डेकोर टिप्स
मच्छरों से बचने के लिए अपनाएं ये उपाय
- मच्छरों के काटने का खतरा कम करने के लिए कुछ आसान आदतें अपनाई जा सकती हैं।
- पूरी बाजू के कपड़े पहनें और हल्के रंग के कपड़ों को प्राथमिकता दें।
- घर के आसपास पानी जमा न होने दें, ताकि मच्छर पनप न सकें।
- मच्छरदानी, रिपेलेंट क्रीम या स्प्रे का इस्तेमाल करें।
- शाम के समय खिड़की-दरवाजों पर जाली का उपयोग करें।
इन बातों का ध्यान रखकर आप मच्छरों के काटने का खतरा काफी हद तक कम कर सकते हैं और डेंगू, मलेरिया व चिकनगुनिया जैसी बीमारियों से बचाव में भी मदद पा सकते हैं।
ये भी पढ़ें- सिंपल कुर्ती को बनाएं ग्लैमरस, रक्षाबंधन पर सिलवाएं 7 स्टाइलिश बैक डिजाइन
