भाजपा 20 सितम्बर को प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में इसके विरोध में प्रदर्शन करेगी।


भोपाल. मध्य प्रदेश भाजपा ने प्रदेश सरकार पर बाढ़ से प्रभावित किसानों और लोगों के प्रति उदासीन रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा 20 सितम्बर को प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में इसके विरोध में प्रदर्शन करेगी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह ने एक बयान में कहा- ‘‘प्रदेश की कांग्रेस सरकार एक ऐसी गूंगी-बहरी सरकार है जिसे जनता के हितों से कोई लेना-देना नहीं है। पूरे प्रदेश में अतिवृष्टि से जनता और किसान परेशान है, लेकिन कहीं भी सरकार और प्रशासन की मौजूदगी नहीं दिखाई देती है। सरकार का एक भी नुमाइंदा ऐसा नहीं है जिसने बाढ़ पीडितों के बीच पहुंचकर उन्हें संबल देने का काम किया हो।’’

 उन्होंने कहा कि बाढ़ में जिन लोगों के मकान टूटे हैं, पूरा सामान डूब गया है, उन्हें सहारा देने के लिए कहीं भी सरकार खड़ी हुई दिखाई नहीं देती है। यह केवल अपने विधायक एवं मंत्रियों की ही सुध लेने वाली सरकार है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘किसानों का हमदर्द बनकर सत्ता में आयी कांग्रेस का जनता के दुख-दर्द से कोई लेना-देना नहीं है। इसलिए भारतीय जनता पार्टी ने तय किया है कि 20 सितंबर को विधानसभा स्तर पर आंदोलन करेगी।’’

इसके साथ ही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने भाजपा के सभी जिलाध्यक्षों से कहा है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में वर्षा और बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद करें।

[यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है]