मध्य प्रदेश के एक किसान का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। जिसमें वो अपना दर्द गाना गाते हुए सीएम कमलनाथ के लिए बयां कर रहा है। इस वीडियो में पूर्व सीएम शिवराज सिंह का भी जिक्र किया गया है।

राजगढ़ (मध्य प्रदेश). आज का जमाना सोशल मीडिया का युग है। ऐसा कोई नहीं जो सोशल मीडिया पर एक्टिव न हो। इसके माध्यम से कोई रातों-रात स्टार बन जाता है तो कोई अपनी परेशानी इसके जरिए बयां करता है। ऐसा ही एक मामला मध्य प्रदेश में सामने आया है जहां एक किसान ने अपनी फसल खराब हो जाने की वजह से सीएम कमलनाथ के लिए गाना गाकर दर्द बयां किया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सीएम कमलनाथ से लगाई मदद की गुहार
यह किसान मध्य प्रदेश के राजगढ़ का रहने वाला है और उसका नाम दुलीचंद राठौर बताया जा रहा है। किसान इस वीडियो के जरिए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ से मदद की गुहार लगा रहा है। वो गीत के माध्यम से कहता है सीएम साहब हमारी सोयाबीन की फसल पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है, अब हम क्या करें। हमारा अभी तक कोई कर्ज भी माफ नहीं हुआ है। अब हम कैसे कर्ज चुका पाएँगे और किस तरह बच्चों का पेट भरेंगे। कम से कम अब तो आप अपना बचन पूरा करो दो।

वीडियो में पूर्व सीएम शिवराज सिंह का जिक्र 
किसान ने इस वीडियो में गाने के जरिए पूर्व सीएम शिवराज सिंह (मामा) का जिक्र भी किया है। गीत गाते हुए कहा है, 'मामा' कहते थे-'किसान भाइयो तुम मत घबराना, अभी जिंदा है तुम्हारा मामा' अब कमलनाथ जी आप भी ऐसा कुछ कर दो ताकि हमारा कर्ज माफ हो जाए।