इंदौर एयरपोर्ट पर एक ऐसे शख्स को अरेस्ट किया गया है, जो पेट में कैप्सूल के जरिये सोने की स्मगलिंग करता था। उसके पास से 20 लाख रुपए का सोना बरामद किया गया है।

इंदौर, मध्य प्रदेश. इंदौर एयरपोर्ट पर डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस(DRI) की टीम ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जो अजीब तरीके से सोने की स्मलिंग करता था। यह शख्स दुबई से यहां पहुंचा था। बताया जाता है कि वो कई बार ऐसा कर चुका है। उसके पेट से कैप्सूल बरामद किए गए। इनमें सोना भरा हुआ था। इस सोने की कीमत करीब 20 लाख रुपए आंकी गई है। इस यात्री के बारे में DRI की जोनल यूनिट को खबर मिली थी। इसके बाद शख्स को पकड़ने जाल बिछाया गया। 26 जनवरी को वो जैसे ही फ्लाइट से उतरा, चेकिंग के बाद उसे दबोच लिया गया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पेस्ट बनाकर कैप्सूल में भरता था सोना..
बताया जाता है कि यह यात्री यहां से मुंबई जाने वाला था। यह यात्री सोने को एक्वेरेजिया नामक केमिकल में घोलकर पेस्ट बना लेता था। फिर उसे कैप्सूल में भर लेता था। इन कैप्सूल को आदमी निगल लेता था। मेटल डिटेक्टर भी उसे पकड़ नहीं पाता था। दुबई से इंदौर तक सीधे फ्लाइट होने के बाद सोने की स्मगलिंग बढ़ी है। यहां से सोना मुंबई के ग्रे मार्केट में भेज दिया जाता है। दरअसल, सोने पर आयात शुल्क बढ़ने के बाद स्मगलिंग बढ़ गई है।

पहले सामने आए हैं ऐसे मामले...
इससे पहले सितंबर, 2019 में 2.1 करोड़ रुपए का सोना पकड़ा गया था। यह भी दुबई से इसी तरीके से यहां पहुंचा था। वर्ष, 2018 में भी छह किलो सोना पकड़ा गया था।