पंजाब के अमृतसर एयरपोर्ट पर शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन इटली से आई फ्लाइट ने हड़कंप मचा दिया। यहां आज 173 यात्रियों के टेस्ट पॉजिटिव निकले हैं। इससे एक दिन पहले भी रोम से आई एक चार्टर्ड फ्लाइट में 125 यात्री पॉजिटिव पाए गए थे। गौरतलब है कि इटली में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ने लगे हैं। 

नई दिल्ली। पंजाब के अमृतसर एयरपोर्ट पर शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन इटली से आई फ्लाइट ने हड़कंप मचा दिया। यहां आज 173 यात्रियों के टेस्ट पॉजिटिव निकले हैं। गुरुवार को भी इटली से आई इंटरनेशनल चार्टर्ड फ्लाइट में 170 में से 125 लोग संक्रमित मिले थे। इटली में कोरोना वायरस संक्रमण का प्रसार काफी तेजी से हो रहा है। यहां गुरुवार को पहली बार 2 लाख नए मामले दर्ज किए गए। पिछले कुछ दिनों से यहां भी मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। बुधवार को इस देश में 189,109 केस दर्ज किए गए थे। गुरुवार को इनकी संख्या 219,441 तक पहुंच गई। हालांकि देश में मौतों का आंकड़ा कम हुआ है। गुरुवार को ब्रिटेन में भी नए मरीजों की संख्या 2.18 लाख तक पहुंच गई थी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

देश में कहां-क्या स्थिति

हरियाणा: स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने पंचकुला के अस्पताल का जायजा लिया
प्रदेश में बढ़ रहे संक्रमण के मामलों को देखते हुए हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री ने शुक्रवार को पंचकुला में कोविड-19 (Covid 19) की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा - पिछली लहर में सबसे ज्यादा दिक्कत ऑक्सीजन की आई थी। उस समय सभी अस्पतालों में ऑक्सीनज प्लांट लगाने का निर्णय लिया गया था। मंत्री ने बताया कि अभी प्रदेश के अस्पतालों में 84 प्लांट काम कर रहे हैं। 

असम में नाइट कर्फ्यू का समय बदला 
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिसवा शर्मा ने कल यानी 8 जनवरी से नाइट कर्फ्यू का समय बदलने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि अब रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू रहेगा। यही नहीं, वैक्सीन की दोनों डोज ले चुके लोगों को ही होटल, रेस्टोरेंट, सरकारी दफ्तर , शॉपिंग मॉल, मल्टीप्लेक्स में प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी। 

उत्तर प्रदेश में 4,228 नए केस 
उत्तर प्रदेश में भी कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। यहां पिछले 24 घंटे में कोरोना के 4,228 नए मामले सामने आए हैं। यहां सिर्फ 119 लोगों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया गया। प्रदेश में एक्टिव केस की संख्या 12,327 है। यूपी के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि 18 वर्ष से अधिक आयु के 13,05,03,000 लोगों को पहली डोज और 7,68,83,945 से ज्यादा लोगों को दूसरी डोज भी लगाई जा चुकी है। 15-17 आयु वर्ग में 12,16,167 बच्चों को पहली डोज लग चुकी है।