जामिया मिल्लिया इस्लामिया में रविवार रात फिर फायरिंग की घटना हुई। यह फायरिंग जामिया के गेट नंबर पांच पर हुई है। इस इलाके में फायरिंग की यह तीसरी घटना है। पुलिस ने बताया कि गोली चलने की पीसीआर कॉल नहीं हुई है। पुलिस को जानकारी मीडिया से मिली है।

नई दिल्ली. जामिया मिल्लिया इस्लामिया में रविवार रात फिर फायरिंग की घटना हुई। यह फायरिंग जामिया के गेट नंबर पांच पर हुई है। रात में फायरिंग की सूचना मिलते ही जामिया मिल्लिया इस्लामिया के बाहर लोग जुट गए और प्रदर्शन शुरू हो गया। डीसीपी ने जानकारी देते हुए बताया कि जामिया नगर के एसएचओ घटनास्थल का जायजा लिया है। इस इलाके में फायरिंग की यह तीसरी घटना है। 
जामिया कॉर्डिनेशन कमेटी ने बताया कि जामिया मिल्लिया इस्लामिया के गेट नंबर पांच पर फायरिंग हुई है। जिसमें दो लोगों को फरार होते हुए देखा गया है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

रिपोर्ट के मुताबिक इन संदिग्धों में एक शख्स ने लाल रंग की जैकेट पहन रखी थी लाल रंग की स्कूटी चला रहा था। स्कूटी का नंबर 1532 बताया जा रहा है। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं हैं। फायरिंग की घटना के बाद जामिया नगर थाने के बाहर भी जामिया के छात्र एकत्रित हो गए और प्रदर्शन शुरू हो गया। 

अलग-अलग दावे, पुलिस ने दर्ज किया केस 

इस बीच, अतिरिक्त डीसीपी कुमार ज्ञानेश ने बताया कि जामिया नगर एसएचओ ने अपनी टीम के साथ जगह-जगह तलाशी ली है। वहां कोई खाली कारतूस नहीं मिला है। इसके अलावा, उन वाहनों के बारे में अलग-अलग बात निकल कर सामने आ रही है जिन पर संदिग्ध सवार थे। कुछ ने कहा कि संदिग्ध स्कूटर पर सवार थे और कई अन्य का कहना है कि वो चार पहिया वाहन पर आए थे। इस दौरान छात्रों समेत कई लोगों ने थाने का घेराव भी किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। सबूतों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। 

एसीपी जगदीश यादव ने बताया कि FIR दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी खंगाला जाएगा। पुलिस ने ये भी बताया कि गोली चलने की पीसीआर कॉल नहीं हुई है। पुलिस को जानकारी मीडिया से मिली। वहीं, फायरिंग से नाराज छात्रों और लोगों ने थाने का घेराव किया। जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। केस दर्ज होने के बार लोग वापस लौटें। 

4 दिन में तीसरी घटना 

जामिया और शाहीन बाग में फायरिंग की इससे पहले दो घटनाएं हो चुकी हैं। पहली घटना 30 जनवरी की है जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया के बाहर नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर एक शख्स ने गोली चलाई थी। 

दूसरी घटना 1 फरवरी को शाहीन बाग में हुई थी। शाहीन बाग में CAA के खिलाफ जारी प्रदर्शन स्थल से कुछ ही दूरी पर कपिल नाम के एक शख्‍स ने हवाई फायरिंग की थी। उसका कहना था, 'देश में और किसी की नहीं चलेगी, सिर्फ हिंदुओं की चलेगी।' फिलहाल उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस उससे घटना के बारे में पूछताछ कर रही है।