भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने विष्णु दत्त शर्मा को पार्टी की मध्य प्रदेश इकाई का प्रमुख नियुक्त किया इसके अलावा नड्डा ने दल बहादुर चौहान को पार्टी की सिक्किम और के. सुरेंद्रन को केरल इकाई का प्रमुख नियुक्त किया

नई दिल्ली: भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने विष्णु दत्त शर्मा को पार्टी की मध्य प्रदेश इकाई का प्रमुख नियुक्त किया। खजुराहो से सांसद शर्मा, राकेश सिंह की जगह लेंगे। सिंह जबलपुर से सांसद हैं। विष्णु दत्त शर्मा मूलत: मुरैना के रहने वाले हैं। उन्हें चंबल क्षेत्र में भाजपा का ब्राह्मणों का सशक्त चेहरा माना जाता है। शर्मा ने भ्रष्टाचार और पर्यावरण को लेकर कई ऐतिहासिक रैलियां निकाली हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

इसके अलावा नड्डा ने दल बहादुर चौहान को पार्टी की सिक्किम और के. सुरेंद्रन को केरल इकाई का प्रमुख नियुक्त किया।

1987 में ABVP से शुरू किया था राजनीति करियर

बीडी शर्मा ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद(ABVP) से की थी। वे 1987 में उससे जुड़े थे। वे 1993 से 1994 तक मप्र राज्य सचिव, जबकि 2001 से 2007 तक एबीवीपी राज्य संगठन सचिव रहे। बीडी शर्मा 2007 से 2009 तक ABVP के राष्ट्रीय सचिव भी रहे। 2007 से 2017 तक मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के क्षेत्रीय संगठन सचिव रहे। बीडी शर्मा को 2015 में नेहरू युवा केंद्र के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स का उपाध्यक्ष बनाया गया था। ग्वालियर कृषि महाविद्यालय से 1989-91 में एग्रीकल्चर में बीएससी करने वाले बीडी शर्मा ने एग्रीकल्चर और एग्रोनामी में एमएससी की डिग्री प्राप्त की है। माना जा रहा है कि उनकी संगठन पर अच्छी पकड़ है।

केरल के अध्यक्ष सुरेंद्रन भी ABVP से

इसी तरह केरल के बीजेपी पार्टी अध्यक्ष सुरेंद्रन ने भी भारतीय जनता पार्टी के छात्र विंग अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के माध्यम से अपना राजनीतिक करियर शुरू किया था। अपने राजनीतिक करियर के शुरुआत में वे उत्तर मालाबार जिला सहकारी विपणन सोसाइटी के निदेशक रहे फिर डिसा सेवा संस्कारिका केंद्र में अध्यक्ष पद को संभाला और राष्ट्रीय युवा सहकारी समिति के निदेशक मंडल के संस्थापक और नेहरू युवा केंद्र के सलाहकार बोर्ड के सदस्य जैसे विभिन्न पदों पर काम किया।