Himachal Cloudburst: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में मंगलवार सुबह तेज बारिश और बादल फटने जैसी घटना से भारी तबाही मच गई। इस हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है।
Himachal Cloudburst: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में मंगलवार सुबह भारी बारिश और बादल फटने जैसी घटना सामने आई है। शहर के कई हिस्सों में भूस्खलन और मलबा गिरने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। इस हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत हुई है। मरने वालों में पूर्व पार्षद का बेटा, बहू और पोता भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ये परिवार एक थ्री व्हीलर को बचाने की कोशिश कर रहा था, तभी ये हादसा हो गया।
घरों के पास तक पहुंचा मलबा
मंडी के एडीएम डॉ. मदन कुमार ने तीन मौतों की पुष्टि की है। घटना की जानकारी मिलते ही नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी मौके पर पहुंचे। शहर के जेल रोड, जोनल अस्पताल मार्ग और सैंण क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ है। भारी बारिश के बाद कई इलाकों में मलबा घरों के पास तक पहुंच गया, जिससे लोग डर के मारे अपने घरों को छोड़कर निकलने लगे। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है। मंडी में भारी बारिश और भूस्खलन के दौरान कई निजी और सरकारी वाहन मलबे की चपेट में आ गए। खासतौर पर जेल रोड और सैंण इलाके में खड़ी कई गाड़ियां मलबे में दब गईं।
लोगों ने भागकर बचाई जान
जब मलबा गिरने लगा तो वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। जान बचाने के लिए लोग आसपास की दुकानों और घरों में जाकर छिप गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ ही पलों में पूरा इलाका मलबे से भर गया और नजारा बहुत डरावना था। जेल रोड पर कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की है, लेकिन एहतियात के तौर पर तेजी से बचाव अभियान चलाया जा रहा है। जेसीबी मशीनें और राहत दल मौके पर पहुंच चुके हैं और राहत कार्य जारी है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वह हालात पर खुद नजर रख रहे हैं और अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें: संसद में ओवैसी ने केंद्र को घेरा: जब खून और पानी एक साथ नहीं बहता तो क्रिकेट कैसे? मना करने की भी हिम्मत नहीं क्यों?
