महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था के हालात को लेकर भाजपा द्वारा महाराष्ट्र विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार की आलोचना किए जाने के कुछ घंटों बाद राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने किया पलटवार 

मुंबई: महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था के हालात को लेकर भाजपा द्वारा महाराष्ट्र विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार की आलोचना किए जाने के कुछ घंटों बाद राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने पलटवार करते हुए कहा कि उनकी सरकार पर निशाना साधने वालों को पहले यह देखना चाहिए कि उनकी निगरानी में क्या हो रहा है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

उन्होंने सवाल किया कि पिछले महीने जेएनयू में छात्रों पर हमला करने वाले ‘‘आतंकवादियों’’ (हमलावरों) को भाजपा नीत केंद्र सरकार ने अभी तक गिरफ्तार क्यों नहीं किया। राज्य भाजपा ने राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध की हालिया घटनाओं को लेकर उद्धव ठाकरे सरकार की आलोचना की थी।

महिलाओं के खिलाफ हर अपराध निंदनीय है

ठाकरे ने इस संबंध में सवाल पूछे जाने पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘महिलाओं के खिलाफ हर अपराध निंदनीय है और ऐसी कोई घटना दोबारा नहीं होनी चाहिए।’’उन्होंने कहा, ‘‘हमें निशाना बनाते समय भाजपा को यह भी देखना चाहिए कि उसके द्वारा शासित राज्यों में क्या हो रहा है। खासकर, केंद्र सरकार के शासन वाली दिल्ली में क्या हो रहा है, जहां आतंकवादी जेएनयू में घुस आए और उन्होंने छात्रों को पीटा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं इन हमलावरों को आतंकवादी कहूंगा। इतने दिनों बाद भी एक भी हमलावर पकड़ा नहीं गया।’’

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)

(फाइल फोटो)