आंध्र प्रदेश में प्रेम प्रसंग के मामले में दबंगों ने एक दलित युवक की बेरहमी से पिटाई की। लाठी-डंडे से लगी मार के चलते पीड़ित बेसुध हो गया तो दो युवकों ने उसके चेहरे पर पेशाब किया।

ओंगोल (आंध्र प्रदेश)। आंध्र प्रदेश में एक दलित युवक को बेरहमी से पीटा गया (Dalit man thrashed) और उस पर पेशाब किया गया। घटना ओंगोल की है। यहां 9 लोगों ने लाठी-डंडे से पीड़ित की जमकर पिटाई की। पिटाई से दलित युवक लहूलुहान हो गया। वह बेसुध होने लगा तो दो आरोपियों ने उसके चेहरे पर पेशाब किया। इस घटना का वीडियो सामने आया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित का नाम मोटा नवीन है। वह अनुसूचित जनजाति समुदाय से है। मुख्य आरोपी की पहचान मन्ने रामंजनेयुलु के रूप में की गई है। 9 आरोपियों में दो नाबालिग लड़के शामिल हैं। नवीन और रामंजनेयुलु बचपन से दोस्त थे। उनके खिलाफ आंध्र प्रदेश और अन्य राज्यों में चोरी के 50 मामले दर्ज थे।

विवाद के हल के बहाने सुनसान जगह बुलाया और की पिटाई

ओंगोल की एसपी मलिका गर्ग ने कहा कि मोटा नवीन और रामनजनेयुलु के एक दोस्त के बीच एक लड़की को लेकर विवाद हो गया था। मोटा नवीन और उस लड़की के बीच प्रेम संबंध था। यह रामनजनेयुलु और उसके दोस्त को पसंद नहीं था। रामनजनेयुलु ने 19 जून की रात को करीब 9 बजे विवाद का हल कराने के नाम पर नवीन को सुनसान जगह बुलाया था। यहां दोनों ने शराब पी। इसके बाद रामानजनेयुलु और आठ अन्य लोगों ने नवीन की पिटाई की। इस दौरान नशे में धुत्त दो आरोपियों ने नवीन पर पेशाब किया।

आरोपियों ने बनाया घटना का वीडियो

इस घटना को 9 आरोपियों में से एक ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया। नवीन को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। उसने घटना के बारे में जानकारी नहीं दी। पुलिस नवीन से पूछताछ कर पाती इससे पहले ही वह हॉस्पिटल से निकल गया। वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए जाने के बाद मामला सामने आया। इसके बाद पुलिस एक्शन में आई। एसपी ने कहा कि पांच दिन पहले वीडियो को सुरक्षित कर लिया गया था।

पुलिस ने छह आरोपियों को किया गिरफ्तार

आईपीसी की धारा 307 (हत्या करने का प्रयास) और अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम 1989 के तहत केस दर्ज किया गया है। 9 आरोपियों में से छह को गिरफ्तार किया गया है। दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया। मुख्य संदिग्ध रामंजनेयुलु भाग गया है। इससे पहले मध्य प्रदेश के सीधी जिले में एक आदिवासी मजदूर पर पेशाब किए जाने के मामले ने तूल पकड़ा था। इस घटना का वीडियो वायरल हुआ था।