दिल्ली के साकेत कोर्ट में पूर्व वकील के महिला को गोली मार दी। घायल महिला की स्थिति गंभीर है। उसे दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया है। सीएम अरविंद केजरीवाल ने घटना का लाइव वीडियो शेयर किया है।

नई दिल्ली। दिल्ली के साकेत कोर्ट परिसर में शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे गोली चली। यहां एक हमलावर ने महिला को गोली मार दी। घायल महिला की हालत गंभीर है। उसे अस्पताल पहुंचाया गया। उसका इलाज चल रहा है। इस गोलीबारी में एक वकील भी घायल हुए हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

घटना का लाइव वीडियो दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्विटर पर शेयर किया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि काला कोट पहने हमलावर ने बेहद करीब से महिला को गोली मारी। पहली गोली लगते ही महिला चीखती हुई भागती है। गोली की आवाज सुनकर लोग भी इधर-उधर भागने लगते हैं। हमलावर महिला का पीछा करता है और उसे निशाना बनाते हुए दो राउंड और गोली चलाता है। इस दौरान कोई महिला की मदद नहीं करता और न ही हमलावर को पकड़ने की कोशिश करता है।

गोलीबारी की घटना को अंजाम देकर हमलावर फरार हो जाता है। महिला के पेट और हाथ में गोली लगी थी। पुलिस अधिकारी उसे अपनी कार में बैठाकर हॉस्पिटल ले गए। महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है। साकेत कोर्ट में सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर लगे हैं। इसके बाद भी हमलावर पिस्टल लेकर कोर्ट परिसर में घुसने में कामयाब हो गया।

पुलिस ने की हमलावर की पहचान

घटना के वक्त कोर्ट कैंपस में बहुत भीड़ थी। पुलिस ने कोर्ट में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के आधार पर हमलावर की पहचान कर ली है। डीसीपी (साउथ) चंदन चौधरी ने बताया कि सुबह 10:30 बजे कोर्ट परिसर में चार से पांच राउंड फायरिंग की गई। जख्मी महिला की पहचान 40 साल की एम राधा के रूप में हुई है। उसे दो गोली (एक पेट में और एक हाथ में) लगी है। उसे साकेत के मैक्स अस्पताल ले जाया गया। महिला और वकील दोनों की हालत स्थिर है। वे खतरे से बाहर हैं।

कामेश्वर प्रसाद सिंह के रूप में हुई आरोपी की पहचान

चंदन चौधरी ने बताया कि आरोपी की पहचान कामेश्वर प्रसाद सिंह उर्फ बिनोद सिंह के रूप में हुई है। उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज होने के बाद बार काउंसिल ने उसे निलंबित कर दिया था। आरोपी ने महिला को 25 लाख रुपए दिए थे। महिला पैसे नहीं लौटा रही थी, जिसके चलते आरोपी ने उसे गोली मारी। आरोपी के खिलाफ महिला ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया था। इसी केस में सुनवाई के लिए महिला कोर्ट आई थी।

अरविंद केजरीवाल बोले- रामभरोसे नहीं छोड़ी जा सकती लोगों की सुरक्षा
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोर्ट परिसर में हुई फायरिंग को लेकर दिल्ली पुलिस पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने ट्वीट किया, "दिल्ली में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गयी है। दूसरों के कामों में अड़चन करने और हर बात पर गंदी राजनीति करने की बजाय सबको अपने-अपने काम पर ध्यान देना चाहिये। और अगर नहीं संभलता तो इस्तीफा दे देना चाहिए ताकि कोई और कर ले। लोगों की सुरक्षा रामभरोसे नहीं छोड़ी जा सकती।"