एमसीडी चुनाव (Delhi MCD Elections) को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने वादा किया है कि उनकी पार्टी को जीत मिली तो कूड़े के तीनों पहाड़ खत्म होंगे और कोई नया कूड़े का पहाड़ नहीं बनेगा।

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को दिल्ली एमसीडी चुनाव (Delhi MCD Elections) के लिए घोषणा पत्र जारी किया। आप ने इसे 10 गारंटी नाम दिया है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

इस मौके पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम चुनाव जीतने पर अपने 10 गारंटी को जरूर पूरा करेंगे। दूसरी पार्टी चुनाव से पहले वादा करती है, लेकिन चुनाव जीतने के बाद काम नहीं करती। हमारी पार्टी जो भी वादा करती है उसे पूरा करती है। केजरीवाल ने कहा कि पिछली बार हमने जितनी गारंटी दी उनपर काम चल रहा है। कई गारंटी पूरी हुई है तो कई पर काम हो रहा है। इसी तरह हम एमसीडी की सभी गारंटियों को अगले चुनाव से पहले पूरा करेंगे।

आप की दस गारंटी
1- दिल्ली को सुंदर बनाएंगे। दिल्ली को साफ और सुंदर बनाएंगे। दिल्ली के तीनों कूड़े के पहाड़ को खत्म करेंगे। दिल्ली में कोई भी नया कूड़े का पहाड़ नहीं बनने देंगे। लंदन, पेरिस और टोक्यो जैसे शहरों से एक्सपर्ट बुलाएंगे और कूड़े के निस्तारण का उपाये करेंगे। सड़कों और गलियों की शानदार साफ-सफाई करेंगे। 
2-भ्रष्टाचार मुक्त एमसीडी होगी। भवन विभाग में सबसे अधिक भ्रष्टाचार होते हैं। नए मकान के मैप पास करने के प्रॉसेस को सरल बनाएंगे। नक्शे पास कराने की सारी प्रक्रिया ऑनलाइन करेंगे।
3- कई लोग मकान बनाने के लिए पास हुए नक्शे का उल्लंघन कर लेते हैं। कोई छज्जा आगे बढ़ा लेता है। कोई कुछ और कर लेता है। ऐसा होने पर नगर निगम के लोग उसे तोड़ने पहुंच जाते हैं। एक पॉलिसी लाई जाएगी। छोटे-मोटे उल्लंघन को नियमित किया जाएगा। एकमुश्त जुर्माना ले लेंगे और निर्माण नियमित हो जाएगा। इससे लोग ब्लैकमेलिंग का शिकार होने से बचेंगे।
3- पार्किंग की समस्याओं से मुक्ति दिलाएंगे। स्थायी और व्यावहारिक समाधान निकाला जाएगा। 
4- आवारा पशुओं से दिल्ली के लोगों को मुक्ति दिलाएंगे। आवारा कुत्ते, गाय, बंदर जैसे जानवरों की समस्या से दिल्ली के लोगों को निजात दिलाई जाएगी। 
5- नगर निगम की टूटी हुईं सड़कें और गलियों को ठीक करेंगे।
6- नगर निगम के स्कूलों, अस्पतालों और दवाखानाओं की बहुत बुरी हालत है। इन्हें शानदार बनाएंगे।
7- दिल्ली नगर निगम के पार्कों का बुरा हाल है। सारे पार्कों को शानदार बनाएंगे। दिल्ली को पार्कों की नगरी बनाया जाएगा।
8- जितने कच्चे कर्मचारी हैं, उनको पक्का किया जाएगा। अभी कई-कई महीने तक वेतन नहीं मिलता। सभी कर्मचारियों को महीने के 7 तारीख से पहले वेतन मिल जाएगा।
9- व्यापारियों को लाइसेंस लेने के लिए पैसे देने पड़ते हैं। लाइसेंस लेने की प्रक्रिया को सरल और ऑनलाइन करेंगे। कन्वर्जन फीस और पार्किंग के नाम पर होने वाली पैसे की वसूली को खत्म कर देंगे। इंस्पेक्टर राज खत्म किया जाएगा। सील किए गए दुकानों को खोला जाएगा। व्यापारियों की समस्याओं को दूर करेंगे।
10- रेडी पटरी वालों वालों के लिए जोन बनाए जाएंगे। उन्हें लाइसेंस देंगे। कोई उनसे पैसे वसूल नहीं करेगा।