कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर हमला बोला है। सिंह ने कहा कि इस कलाकार के पिता ने पाकिस्तानी वायु सेना के लड़ाकू पायलट के रूप में भारत के खिलाफ बम बरसाए थे उसे पद्मश्री दे दिया गया।

इंदौर. पाकिस्तानी मूल के भारतीय गायक अदनान सामी को पद्मश्री पुरस्कार दिए जाने के बाद जारी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इन सब के बीच कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर हमला बोला है। इसके साथ ही उन्होंने सामी के पिता पर भी निशाना साधा है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि इस कलाकार के पिता ने पाकिस्तानी वायु सेना के लड़ाकू पायलट के रूप में भारत के खिलाफ बम बरसाए थे। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सामी के पिता ने हमारे खिलाफ गिराए थे बम 

दरअसल, एक सामाजिक संगठन द्वारा आयोजित 'संविधान बचाओ, देश बचाओ' रैली में दिग्विजय सिंह ने कहा, 'पाकिस्तान से भारत आए सामी चूंकि एक कलाकार हैं। इसलिए मैंने ही उन्हें भारतीय नागरिकता देने के लिए भारत सरकार से उनके मामले की सिफारिश की थी। उन्हें मोदी सरकार के राज में ही भारत की नागरिकता मिली है।' उन्होंने कहा, 'मैंने सामी को पद्मश्री से सम्मानित किए जाने के लिए भारत सरकार से कोई सिफारिश नहीं की थी। इन्हीं सामी के पिता ने पाकिस्तान वायु सेना का जंगी जहाज उड़ाते हुए हमारे खिलाफ बम गिराए थे।' 

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘दूसरी ओर भारतीय फौज की ओर से दुश्मन के खिलाफ लड़ चुके असम के सनाउल्लाह को नागरिकता के दस्तावेज नहीं दिखाने की वजह से डिटेंशन सेंटर में भेज दिया गया था। यह है मोदी सरकार का नागरिकता कानून।' 

हम कागज नहीं दिखाएंगे 

सीएए और एनआरसी को लेकर दिग्विजय सिंह ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, 'कोई व्यक्ति अपने कागज दिखाए, न दिखाए। लेकिन दिग्विजय सिंह अपने कागज नहीं दिखाने वाला। जो करना है, करो। सरकार हमसे कितने कागज मांगोगे, हमारे पास आधार कार्ड, मतदाता परिचय पत्र, ड्राइविंग लायसेंस, पैन कार्ड और पासपोर्ट पहले से है।' 

आप क्रोनोलॉजी को समझिए 

उन्होंने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर द्वारा हाल ही में एक चुनावी रैली के दौरान CAA विरोधी प्रदर्शनकारियों की आलोचना के बाद कथित तौर पर भड़काऊ नारे लगवाए जाने के मामले की ओर इशारा किया। इसके साथ ही इस मामले को जामिया मिल्लिया यूनिवर्सिटी के नजदीक CAA विरोधी प्रदर्शनकारियों के समूह पर गोली चलाए जाने की सनसनीखेज घटना से जोड़ते हुए भाजपा पर हमला किया। 

दिग्विजय सिंह ने कहा, 'केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हमें क्रोनोलॉजी बताई कि पहले CAA आएगा, फिर NPR आयेगा और इसके बाद NRC आएगी। उन्होंने कहा कि हमें एक और क्रोनोलॉजी समझ आ रही है कि पहले भारत सरकार का एक मंत्री कहता है- गोली मारो। इसके बाद इन्हीं लोगों का एक व्यक्ति तमंचा लेकर आता है और दिल्ली पुलिस हाथ पर हाथ रखकर खड़ी दिखाई देती है। फिर यह व्यक्ति गोली चला देता है।' दिग्विजय ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार के मंत्री की भड़काऊ नारेबाजी के 'गंभीर' मामले में चुनाव आयोग ने उन्हें उचित दंड नहीं दिया है।