6 दिसंबर को पेरिस से दिल्ली आ रही एयर इंडिया (Air India) की फ्लाइट में नशे में धुत्त एक पुरुष पैसेंजर ने महिला यात्री के कंबल पर पेशाब कर दिया था। इस मामले में आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं हुई। 

नई दिल्ली। 26 नवंबर को न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही एयर इंडिया (Air India) की फ्लाइट में नशे में धुत्त एक पुरुष पैसेंजर ने वृद्ध महिला यात्री पर पेशाब कर दिया था। पुलिस ने आरोपी यात्री के खिलाफ केस दर्ज किया है। उसकी तलाश चल रही है। इसी बीच चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है कि हवा में उड़ान के दौरान महिला पर पुरुष यात्री द्वारा पेशाब किए जाने की यह पहली घटना नहीं थी। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

6 दिसंबर को भी एयर इंडिया की फ्लाइट में ऐसी घटना घटी थी। पेरिस से दिल्ली आ रही फ्लाइट में नशे में धुत्त एक पुरुष पैसेंजर ने महिला यात्री के कंबल पर पेशाब कर दिया था। गुरुवार को जानकारी मिली कि यात्री द्वारा लिखित में माफी मांगने पर उसे छोड़ दिया गया था। उसके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। 

पायलट ने एटीसी को दी थी सूचना
एयर इंडिया की फ्लाइट 142 में यह घटना घटी थी। विमान के पायलट ने दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इसके बारे में सूचना दी थी। इसके बाद आरोपी यात्री को पकड़ लिया गया था। वह किस क्लास में यात्रा कर रहा था इसके बारे में सूचना नहीं दी गई है।

यह भी पढ़ें- विमान में महिला पर पेशाब करने वाले पैसेंजर की तलाश में जुटी दिल्ली पुलिस, एयर इंडिया ने दी यह सजा

हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि विमान सुबह करीब 9:40 बजे लैंड हुआ था। हवाई अड्डे की सिक्योरिटी को बताया गया कि यात्री शराब के नशे में था। वह केबिन क्रू के निर्देशों का पालन नहीं कर रहा था। उसने बाद में एक महिला यात्री के कंबल पर पेशाब कर दिया था। यात्री को CISF (Central Industrial Security Force) के जवानों ने विमान से उतरते ही पकड़ लिया था। बाद में दोनों यात्रियों के बीच "आपसी समझौता" होने और आरोपी द्वारा "लिखित माफी" मांगे जाने के बाद उसे एयरपोर्ट से जाने दिया गया। महिला यात्री ने शुरू में लिखित शिकायत की थी, लेकिन बाद में उसने पुलिस में मामला दर्ज कराने से इनकार कर दिया था। 

यह भी पढ़ें- हिंद महासागर में ड्रैगन की हर चाल नाकाम करेगा राफेल, वायुसेना के बाद अब नेवी को भी मिलने जा रहा यह फाइटर प्लेन