उत्तर प्रदेश के हाथरस में गैंगरेप का शिकार हुई पीड़िता की मौत हो गई है। मंगलवार की रात को दिल्ली से जब लड़की का शव हाथरस पहुंचा तो यूपी पुलिस ने जबरन ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। पीएम मोदी ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं।   

लखनऊ. उत्तर प्रदेश के हाथरस में गैंगरेप का शिकार हुई पीड़िता की मौत हो गई है। मंगलवार की रात को दिल्ली से जब लड़की का शव हाथरस पहुंचा तो यूपी पुलिस ने जबरन ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। घरवालों ने दावा किया है कि उनसे पूछे बिना ही अंतिम संस्कार किया गया और जब शव को जलाया गया तो उन्हें घर में बंद कर दिया गया था। ऐसे में अब एक बार फिर यूपी पुलिस के रवैये पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, पीएम मोदी ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सीएम योगी आदित्यनाथ ने की थी पीएम से मामले की चर्चा 

दरअसल, उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी से हाथरस रेप केस को लेकर चर्चा की थी। उन्होंने इस बात की जानकारी ट्वीट करके दी। उन्होंने पोस्ट लिखा, 'आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी ने हाथरस की घटना पर वार्ता की है और कहा है कि दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाए।'

Scroll to load tweet…

आधी रात को किया गया पीड़िता का अंतिम संस्कार

आधी रात में मृतका का अंतिम संस्कार करा दिया गया। लड़की के दाह संस्कार पर उसके घरवालों ने सवाल खड़े कर दिए हैं। लड़की के पिता का कहना है कि उन्होंने नहीं देखा कि यह किसकी बॉडी है, वह तो शमशान तक पंहुचे ही नहीं है, पुलिस ने अंतिम संस्कार कर दिया है। पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया कि ऐसे तो देश की बेटियां सुरक्षित नहीं रहेंगी। उधर लड़की के चाचा का कहना है कि दाह संस्कार परिजनों के साथ नहीं किया गया है, जो भी किया है पुलिस ने किया है। यह देखकर कि अब पुलिस नहीं होगी वह जलती चिता में दो चार कंडे डालने गए थे तभी पुलिसवालों ने उनका फोटो खींच लिया, अंतिम संस्कार कैसे किया यह उन्हें पता नहीं है।

मां ने भी बयां किया था दर्द

पीड़िता के पिता से पहले मां ने भी अपने दर्द को बयां किया था। उन्होंने बताया था कि जब उन्होंने अपनी बेटी को पाया तो देखा उसके शरीर से बहुत खून बह रहा था। उन्होंने उसे अपने दुपट्टे और उसी खून से लथपथ कपड़े से उसे ढक दिया। बेटी की जीभ कटी हुई थी। गौरतलब है कि मंगलवार दोपहर को ही पीड़िता की मौत दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में हो गई थी, इसके बाद अस्पताल के बाहर काफी प्रदर्शन हुआ। शाम होते-होते पुलिस पीड़िता के शव को हाथरस ले आई और देर रात को अंतिम संस्कार कर दिया गया।

16 दिन पहले हुई थी लड़की के साथ दरिंदगी

दरअसल, उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के चंदपा थाने के गांव में 14 सितंबर की सुबह 19 वर्षीय लड़की के साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया गया था। परिजनों का आरोप है कि सुबह साढ़े नौ बजे के करीब चार दबंगों ने लड़की के साथ दरिंदगी की। घटना के 9 दिन बाद लड़की होश में आई तो इशारों से अपना दर्द बयान किया। पीड़िता को पहले अलीगढ़ में इलाज के लिए भेजा गया और वहां हालात बिगड़ने पर उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भेजा गया लेकिन अफसोस, यहां भी उस पीड़िता को बचाया नहीं जा सका और कल सुबह उस लड़की ने दम तोड़ दिया। अबतक इस मामले में चार आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।