हैदराबाद में तापमान 7 साल में सबसे नीचे पहुंचा। कई इलाकों में पारा सिंगल डिजिट में दर्ज हुआ। तेलंगाना की शीत लहर के चलते रातें बेहद ठंडी हो गई हैं। IMD के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक ठंडी सुबह का दौर जारी रहेगा।

Hyderabad Cold Wave: हैदराबाद में शुक्रवार की सुबह पिछले कई सालों की सबसे ठंडी सुबहों में से एक रही। तापमान इतनी तेजी से गिरा कि शहर के कई हिस्सों में पारा सिंगल डिजिट में दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस तेजी से कम हुए तापमान की सबसे बड़ी वजह तेलंगाना में चल रही ठंडी हवाएं और रात का साफ आसमान है। साफ आसमान का मतलब है कि जमीन की गर्मी रात में पूरी तरह निकल जाती है, जिससे तापमान रिकॉर्ड स्तर तक गिर जाता है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

शहर में कई जगहों पर तापमान अचानक तेजी से क्यों गिरा?

हैदराबाद ने इस सर्दी की सबसे ठंडी रात देखी है। शहर में कई जगहों पर तापमान अचानक इतनी तेजी से गिरा कि पिछले 7 सालों में ऐसा न्यूनतम तापमान कभी रिकॉर्ड नहीं हुआ था। सुबह उठते ही लोगों को तेज ठंडी हवा, जमा देने वाली सुबह और लो-टेम्परेचर ने चौंका दिया। तेलंगाना में चल रही शीत लहर (Cold Wave in Telangana) ने राजधानी हैदराबाद का मौसम पूरी तरह बदल दिया है। अब सवाल सबके मन में है कि क्या ठंड और गिरेगी? क्या आने वाले दिनों में तापमान और नीचे जाएगा?

Scroll to load tweet…

हैदराबाद में तापमान रिकॉर्ड तोड़ गिरा: कई इलाकों में पहली बार सिंगल डिजिट

12 दिसंबर की सुबह हैदराबाद के कई इलाकों में तापमान इतना गिर गया कि शहर ने सालों बाद इतनी ठंड महसूस की। X प्लेटफॉर्म पर "Hyderabad Rains" नाम से मौसम अपडेट देने वाले एक फोरकास्टर ने तापमान का डेटा साझा किया, जो हैरान कर देने वाला था।

हैदराबाद के सबसे कम तापमान (12 दिसंबर):

  • हैदराबाद यूनिवर्सिटी: 6.3°C
  • मौलाली: 7.1°C
  • राजेंद्र नगर: 7.7°C
  • शिवरमपल्ले: 8.8°C
  • अलवाल: 9.0°C
  • गाचीबोवली: 9.1°C
  • बोलारम: 9.3°C
  • मरेडपल्ली: 10.1°C
  • कुथबुल्लापुर: 10.2°C
  • जीडीमेटला: 11°C

यह तापमान साफ दिखाता है कि कई क्षेत्रों में सिंगल डिजिट तापमान ने इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज कराई है।

IMD का अलर्ट नहीं लेकिन ठंड बढ़ सकती है-क्या आने वाले दिन और ठंडे होंगे?

IMD (इंडिया मेटियोरोलॉजिकल डिपार्टमेंट) के अनुसार आने वाले दिनों में आसमान ज्यादातर साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा।

7 दिन के फोरकास्ट के मुताबिक:

  • दिन का तापमान: लगभग 29°C
  • रात का तापमान: 11°C–12°C
  • हल्की से मध्यम नमी (Humidity)
  • कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं

IMD की मानें तो ठंड का पैटर्न जारी रहेगा। साफ आसमान की वजह से रातें और ज्यादा ठंडी महसूस होंगी। यानी अभी ठंड खत्म नहीं हुई है, बल्कि कुछ दिनों तक और ठंडी सुबहें और कोहरा देखने को मिल सकता है।

पूरे तेलंगाना में ठंड का प्रकोप: कई जिलों में असामान्य गिरावट

शुरुआती रिपोर्ट्स से पता चला है कि सिर्फ हैदराबाद ही नहीं, बल्कि पूरे तेलंगाना में न्यूनतम तापमान असामान्य रूप से गिरा है। अधिकारियों का कहना है कि राज्य भर का पूरा तापमान डेटा जल्द जारी किया जाएगा। कई जिलों में रात में अचानक तापमान गिरने से लोग ठंड की चपेट में आ गए हैं।

हैदराबाद में कड़ाके की ठंड की वापसी: हीटर, कोहरा और गर्म कपड़े बढ़ाए मुश्किलें

शहर में सुबह-सुबह घना कोहरा, तेज ठंडी हवा और लगातार गिरता तापमान दिखा रहा है कि हैदराबाद में असली सर्दी अब शुरू हुई है। दिन में मौसम सुहावना जरूर रहता है, लेकिन रात और सुबहें लोगों को कांपने पर मजबूर कर रही हैं। लोगों ने हीटर, गर्म कपड़े, शॉल, जैकेट और ब्लैंकेट्स की तलाश फिर शुरू कर दी है। इस मौसम ने ट्रैफिक, मॉर्निंग ऑफिस रूटीन और स्कूल जाने वालों को भी प्रभावित किया है।