प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के डालटनगंज में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान भीड़ को देखकर पीएम मोदी खुश नजर आए। उन्होंने कहा, आज यहां मौजूद जनसैलाब ने विधानसभा चुनाव का नतीजा स्पष्ट कर दिया है।

रांची. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के डालटनगंज में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने अयोध्या विवाद को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा, भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या का विवाद कांग्रेस ने दशकों से लटकाया हुआ था। कांग्रेस अगर चाहती तो उसका समाधान निकाल सकती थी। कांग्रेस ने ऐसा किया नहीं, कांग्रेस ने अपने वोट बैंक की परवाह की। कांग्रेस की इस सोच से देश-समाज का नुकसान हुआ।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पीएम ने कहा, भाजपा ने देश से वादा किया था, कि इसका भी जल्द से जल्द समाधान निकालेंगे। और आज देखिए, आज राम जन्मभूमि से जुड़ा विवाद हल हो चुका है। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर की सुरक्षा के लिए यहां के अनेक वीर जवानों को बलिदान देना पड़ा। इन सब के जिम्मेदार हैं कांग्रेस और उसके सहयोगी दल। भाजपा ने अपना वादा पूरा करके दिखाया है।

भीड़ को देखकर खुश हुए मोदी
रैली में भीड़ को देखकर पीएम मोदी खुश नजर आए। उन्होंने कहा, आज यहां मौजूद जनसैलाब ने विधानसभा चुनाव का नतीजा स्पष्ट कर दिया है। पीएम मोदी ने इस दौरान लातेहार में नक्सली हमले में शहीद हुए पुलिसकर्मियों को भी श्रद्धांजलि दी।

पीएम मोदी ने कहा, आज अगर पूरे भारत में कमल शान से खिला है तो इसमें बहुत बड़ी भूमिका यहां की जनता, भाजपा कार्यकर्ता और आप सबके आशीर्वाद की है। उन्होंने कहा, भाजपा की अगवाई में एक स्थिर और मजबूत सरकार का दोबारा बनना यहां बहुत जरूरी है। क्योंकि झारखंड युवावस्था में है, अभी राज्य को जो दिशा मिलेगी, उसका झारखंड के भविष्य पर बहुत प्रभाव पड़ेगा।

'भाजपा सरकार ने पांच सूत्रों पर काम किया'
मोदी ने कहा, भाजपा सरकार ने नए झारखंड के लिए सामाजिक न्याय के पांच सूत्रों पर काम किया है। उन्होंने कहा, पहला सूत्र है- स्थिरता, दूसरा सूत्र है- सुशासन, तीसरा सूत्र है- समृद्धि, चौथा सूत्र है- सम्मान, पांचवासूत्र है- सुरक्षा। 

भाजपा ने स्थिर सरकार दी
पीएम मोदी ने कहा, भाजपा ने झारखंड को स्थिर सरकार दी है। भाजपा ने झारखंड में भ्रष्टाचार समाप्त करने के लिए दिन रात काम किया है और पारदर्शी व्यवस्थाएं बनाई हैं। भाजपा ने झारखंड में समृद्धि का मार्ग खोला है। भाजपा ने झारखंड को नक्सलवाद और अपराध से मुक्ति दिलाने के लिए, भयमुक्त वातावरण के लिए प्रयास किया है।