जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के चलते भूस्खलन हुए हैं। बालटाल मार्ग पर भूस्खलन के चलते चार तीर्थयात्री बह गए। एक महिला की जान गई है। अमरनाथ यात्रा स्थगित की गई है।

Amarnath Yatra: जम्मू-कश्मीर में 36 घंटे से भारी बारिश हो रही है। इसके चलते भूस्खलन हुए हैं। खतरे को देखते हुए गुरुवार को अमरनाथ यात्रा स्थगित कर दी गई। भूस्खलन की चपेट में आकर एक तीर्थयात्री की मौत हो गई और तीन घायल हो गए।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा मार्ग पर हुए भूस्खलन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया है। वीडियो में बुधवार शाम को गांदरबल जिले में बालटाल मार्ग पर रेलपथरी में हुए भूस्खलन में चार तीर्थयात्री बहते हुए दिखाई दे रहे हैं।

कीचड़ में बह गए तीर्थ यात्री

सोशल मीडिया पर शेयर किए गए 13 सेकंड के वीडियो में भूस्खलन की भयावहता दिखी है। कीचड़ और पत्थर ढलान की ओर ऐसे बह रहे थे जैसे कोई नदी हो। उसके दोनों तरफ तीर्थ यात्री मौजूद थे। लोग हर..हर.. महादेव के नारे लगा रहे थे। वीडियो में दिख रहा है कि उसी समय पीले रंग का रेनकोट पहने दो लोग कीचड़ में फंस जाते हैं और उसके साथ बह जाते हैं। वहां मौजूद लोग किसी तरह उन्हें रोकते हैं। इस दौरान कुछ और लोग कीचड़ में गिर जाते हैं।

Scroll to load tweet…

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की भविष्यवाणी, अलर्ट जारी

घायलों को बालटाल बेस कैंप अस्पताल ले जाया गया। यहां राजस्थान की 55 साल की सोना बाई नामक एक महिला को मृत घोषित किया गया। मौसम विभाग ने जम्मू और कश्मीर के विभिन्न क्षेत्रों में भारी बारिश की भविष्यवाणी करते हुए अलर्ट जारी किया है।

PTI की रिपोर्ट के अनुसार कश्मीर के संभागीय आयुक्त विजय कुमार भिदुरी ने कहा, "पहलगाम और बालटाल दोनों आधार शिविरों से अमरनाथजी यात्रा स्थगित की गई है। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण दोनों मार्गों की मरम्मत की जा रही है।"

9 अगस्त तक चलेगी अमरनाथ यात्रा

अमरनाथ यात्रा की शुरुआत 3 जुलाई को हुई थी। यह 9 अगस्त को समाप्त होगी। अभी तक करीब 2.47 लाख तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं। इस साल अमरनाथ यात्रा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है।