मुंबई में भारी बारिश के चलते कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। यहां पिछले 24 घंटों में 18 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान रायगढ़, सिंधुदुर्ग और रत्नागिरी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई समेत कई इलाकों में हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मुंबई से 100 किमी दूर बदलापुर-वांगनी के बीच बाढ़ के चलते शुक्रवार रात 12 बजे महालक्ष्मी एक्सप्रेस फंस गई। एनडीआरएफ के डीजी एसएन प्रधान के मुताबिक ट्रेन में सवार सभी 900 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जिसमें 9 गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं। यात्रियों को बचाने के लिए नेवी की 7 टीमें, एयर फोर्स के 2 हेलिकॉप्टर, सेना की 2 टुकड़ी के अलावा स्थानीय प्रशासन ने भी मदद की। इसके अलावा नावों से भी लोगों को निकाला गया। मुंबई में भारी बारिश के चलते कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। यहां पिछले 24 घंटों में 18 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

Scroll to load tweet…

रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुनील उदासी ने कहा, ‘‘हम यात्रियों से अपील करते हैं कि वे ट्रेन से न उतरें। ट्रेन सुरक्षित स्थान पर खड़ी है। रेलवे स्टाफ, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच चुके हैं। एनडीआरएफ और आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशों का इंतजार करें।’’

Scroll to load tweet…

7 फ्लाइट रद्द, 9 को डायवर्ट किया गया
शनिवार सुबह छत्रपति शिवाजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एमआईएएल) के पब्लिक रिलेशन अधिकारी के मुताबिक, 7 फ्लाइट रद्द कर दी गईं, जबकि 9 को डायवर्ट किया गया। अन्य उड़ानों में औसतन 30 मिनट की देरी हो रही। वहीं, कल्याण से कर्जत की सभी ट्रेनों को भी रद्द कर दिया गया। महाराष्ट्र में बारिश के कारण 13 रेलगाड़ियों का रूट डायवर्ट कर दिया गया है जबकि 2 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।

समुद्र से दूरी बनाए रखने की अपील
मुंबई पुलिस ने कहा कि हम यात्रियों से अनुरोध करते हैं कि वे जल-भराव वाले इलाकों में न जाएं। समुद्र से दूरी बनाए रखें। किसी भी मदद के लिए हमें 100 नंबर पर फोन करें। एयरपोर्ट के अधिकारी ने कहा- खराब मौसम के कारण विजिबिलिटी कम होने से उड़ानों पर प्रभाव पड़ा है।

मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे और पालघर के लिए रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान रायगढ़, सिंधुदुर्ग और रत्नागिरी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे, पालघर में 26 और 28 जुलाई को रेड अलर्ट जारी किया गया है। अगले चार घंटों में ठाणे, रायगढ़ और मुंबई में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। 

26 जुलाई की यादें ताजा हुईं
26 जुलाई 2005 को हुई बारिश में मुंबई में 450 से अधिक लोगों की मौत हुई थी। एयरपोर्ट और बंदरगाह कई दिनों तक बंद कर दिए गए थे। पूरा शहर पानी में डूब गया था। करीब 550 करोड़ रु. की संपत्ति का नुकसान हुआ था।