पाकिस्तान ने लगातार पांचवें दिन सीमा पर युद्धविराम का उल्लंघन किया। पहलगाम हमले के बाद तनाव बढ़ा हुआ है और पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी की घटनाएं बढ़ रही हैं।

Pahalgam Attack: पाकिस्तान की सेना ने सीमा पर लगातार पांचवें दिन युद्ध विराम का उल्लंघन किया है। सोमवार की रात पाकिस्तानी सेना ने बिना किसी उकसावे के छोटे हथियारों से जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LoC) पर कई स्थानों पर गोलीबारी की। भारतीय सेना ने प्रभावी तरीके से जवाब दिया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

कुपवाड़ा और बारामूला जिलों के साथ-साथ अखनूर सेक्टर में भी गोलीबारी हुई है। पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। इस बीच पाकिस्तानी सेना ने लगातार पांचवें दिन संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है। पहलगाम हमले के बाद से पाकिस्तान की ओर से युद्ध विराम उल्लंघन की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

हाल में कब-कब हुआ युद्ध विराम का उल्लंघन

1 अप्रैल: कृष्णा घाटी सेक्टर में माइन ब्लास्ट किया गया। इसका उद्देश्य घुसपैठ को बढ़ावा देना था। इसके बाद नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सैनिकों ने बिना उकसावे के गोलीबारी की।

22-23 अप्रैल: पहलगाम आतंकी हमले की रात पुंछ जिले में सीमा पर गोलीबारी हुई।

24-25 अप्रैल: मध्य रात्रि में कुपवाड़ा में सीमा पार से गोलीबारी की गई।

25-26 अप्रैल: नियंत्रण रेखा पर 34 जगहों पर गोलीबारी की गई।

26-27 अप्रैल: कुपवाड़ा जिले में संघर्ष विराम उल्लंघन की दो घटनाएं हुईं।

28 अप्रैल: सोमवार की रात को पाकिस्तानी सेना की चौकियों ने नियंत्रण रेखा के पार कुपवाड़ा और पुंछ जिलों के समीपवर्ती इलाकों को निशाना बनाकर छोटे हथियारों से गोलीबारी की।

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ उठाए कदम

22 अप्रैल को आतंकियों ने पहलगाम में हमला किया था। इसके चलते 26 लोगों की मौत हुई थी। मरने वालों में अधिकतर पर्यटक थे। इस घटना के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई सख्त कदम उठाए थे। सिंधु जल संधि स्थगित कर दी गई थी। पाकिस्तान के लोगों को दिया गया वीजा रद्द कर दिया गया था। अटारी सीमा बंद की गई थी और राजनयिक मिशनों का आकार छोटा किया गया था।