Operation Sindoor: मानसून सत्र की शुरुआत से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में भारत की सेना ने 100 फीसदी लक्ष्य पूरा किया है। 22 मिनट में आतंक के आकाओं के घर गिरा दिए।

Parliament Monsoon session: सोमवार से संसद के मानसून सत्र की शुरुआत हुई। इससे पहले संसद परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि भारत ने ऑपरेशन सिंदूर में अपना 100 फीसदी लक्ष्य पूरा किया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

नरेंद्र मोदी ने कहा, "ये मानसून सत्र एक विजयोत्सव है। पूरी दुनिया ने भारत की सैन्य शक्ति का, भारत के सैन्य सामर्थ्य का रूप देखा है। ऑपरेशन सिंदूर में भारत की सेना ने जो लक्ष्य निर्धारित किया था, 100 फीसदी प्राप्त किया। ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकियों के आकाओं के घर में जाकर, 22 मिनट के भीतर, उसको जमींदोज कर दिया गया।"

मेड इन इंडिया हथियारों के प्रति बढ़ा दुनिया में आकर्षण

पीएम ने कहा, "मैंने बिहार के एक कार्यक्रम में इसकी घोषणा की थी। हमारी सैन्य शक्ति ने बहुत ही कम समय में सिद्ध करके दिखा दिया। इसमें मेड इन इंडिया, सैन्य शक्ति का ये नया स्वरूप, इसपर भी दुनिया बहुत आकर्षित हुई है। इन दिनों विश्व के जिन लोगों से मिलना होता है, भारत के ये जो मेड इन इंडिया औजार तैयार हो रहे हैं, उसके प्रति दुनिया का आकर्षण बढ़ रहा है। मुझे विश्वास है कि सदन इस विजयोत्सव को एक स्वर में विजय के भाव से इस सत्र के दरम्यान, उन ओजस्वी, तेजस्वी भावनाओं को प्रकट करेगा तो भारत की सैन्य शक्ति को बल मिलेगा, प्रोत्साहन मिलेगा, देशवासियों को प्रेरणा मिलेगी। सैन्य क्षेत्र में जो रिसर्च, इनोवेशन और मैन्यूफैक्चरिंग हो रहे हैं, मेड इन इंडिया डिफेंस इक्विपमेंट बन रहे हैं, उसको भी बल मिलेगा। भारत के नौजवानों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।"

Scroll to load tweet…

यह भी पढ़ें- Parliament Session LIVE: संसद का मानसून सत्र आज से शुरू, सत्र की शुरुआत से पहले क्या बोले पीएम मोदी?

दल हित छोड़कर सांसदों ने दुनिया भर में पाकिस्तान को किया बेनकाब

पीएम मोदी ने कहा, “साथियों पहलगाम की क्रूर हत्या, अत्याचार, नरसंहार, पूरी दुनिया चौक उठी थी। आतंकवादियों और उनके आकाओं की ओर दुनिया का ध्यान केंद्रित हुआ। उस समय दल हित छोड़कर देश हित में हमारे ज्यादातर दलों के प्रतिनिधि, ज्यादातर राज्यों के प्रतिनिधि ने विश्व भ्रमण किया। दुनिया के अनेक देशों में गए। एक स्वर से, दुनिया के सामने आतंकवादियों के आका पाकिस्तान को बेनकाब करने का सफल अभियान चलाया। मैं आज राष्ट्रहित में किए गए इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए उन सभी सांसदों की सराहना करना चाहता हूं। सभी दलों की सराहना करना चाहता हूं। इससे देश में एक सकारात्मक वातावरण पैदा हुआ। विश्व ने भारत की बात स्वीकार करने की दिशा में मन के द्वार खोले।”