प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 अगस्त से 1 सितंबर तक जापान और चीन की यात्रा करेंगे। वह 30 अगस्त को जापान जाएंगे और भारत-जापान शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इसके बाद 31 अगस्त से 1 सितंबर तक चीन में रहेंगे।

PM Narendra Modi China Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान और चीन की यात्रा करने वाले हैं। वह 30 अगस्त को जापान जाएंगे। यहां भारत-जापान शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इसके बाद 31 अगस्त से 1 सितंबर तक शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए चीन के तियानजिन का दौरा करेंगे। यह 2019 के बाद से उनकी पहली चीन यात्रा भी होगी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पीएम मोदी की चीन यात्रा ऐसे समय हो रही है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्रिक्स देशों पर रूस से तेल खरीदने के लिए निशाना साधा है। ट्रंप ने भारत पर 25% टैरिफ लगाया है। वह रूस से तेल खरीदने के चलते भारत को लेकर जिस तरह के बयान दे रहे हैं उससे तनाव बढ़ रहा है।

जून में चीन गए थे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जून में चीन गए थे। उन्होंने चीन के किंगदाओ में SCO के रक्षा मंत्रियों की बैठक में भाग लिया। उन्होंने एक ऐसे दस्तावेज पर साइन करने से इनकार कर दिया था, जिससे आतंकवाद और पहलगाम आतंकी हमले (जिसमें 26 लोग मारे गए थे) पर भारत का रुख कमजोर पड़ जाता। आतंकवाद के मुद्दे पर मतभेद के कारण SCO ने संयुक्त बयान जारी न करने का फैसला किया। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार एससीओ के अध्यक्ष चीन और उसके करीबी दोस्त पाकिस्तान ने एससीओ दस्तावेज में आतंकवाद से ध्यान हटाने की कोशिश की। पहलगाम हमले का जिक्र तक नहीं किया। दस्तावेज में बलूचिस्तान का जिक्र किया गया।

क्या है SCO, रूस भी है जिसका इसका सदस्य?

शंघाई सहयोग संगठन (SCO) एक यूरेशियाई राजनीतिक, आर्थिक और सैन्य संगठन है। 1996 में चीन, रूस, कजाकिस्तान, किर्गिजस्तान और ताजिकिस्तान के नेताओं ने इसे शंघाई फाइव के रूप में स्थापित किया था। इसे 2001 में SCO का नाम दिया गया। SCO 19 सितंबर 2003 को अस्तित्व में आया। रूस भी इसका सदस्य है।

यह भी पढ़ें- US Tariffs से 71039 करोड़ के भारतीय निर्यात पर असर पड़ेगा, जानें कौन सा क्षेत्र होगा कितना प्रभावित

कौन से देश हैं SCO के सदस्य?

  • चीन
  • रूस
  • भारत
  • पाकिस्तान
  • कजाकिस्तान
  • किर्गिजस्तान
  • ताजिकिस्तान
  • उज्बेकिस्तान
  • ईरान
  • बेलारूस

यह भी पढ़ें- अमेरिका की धमकी के बीच भारत के सपोर्ट में खड़ा हो गया रूस, कह दी ट्रंप को चुभने वाली बात