सैम पित्रोदा ने राहुल गांधी को अपने पिता राजीव गांधी से ज़्यादा बुद्धिमान और बेहतर रणनीतिकार बताया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी में प्रधानमंत्री बनने के सारे गुण हैं और अंतिम फैसला जनता को करना है।

नई दिल्ली: कांग्रेस सांसद और विपक्ष के नेता राहुल गांधी अपने पिता राजीव गांधी से भी ज़्यादा बुद्धिमान हैं। यह दावा किया है भारतीय प्रवासी कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने। शिकागो से पीटीआई को दिए इंटरव्यू में सैम पित्रोदा ने कहा कि राहुल गांधी में प्रधानमंत्री बनने के सारे गुण हैं। वो अपने पिता से ज़्यादा बुद्धिमान और रणनीतिकार हैं। लेकिन उन्हें प्रधानमंत्री बनाना है या नहीं, ये फैसला जनता को करना है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

राजीव गांधी और राहुल गांधी में समानता और अंतर के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, 'मुझे कई प्रधानमंत्रियों के साथ काम करने का मौका मिला है। लेकिन राहुल और राजीव गांधी में अगर अंतर देखें तो शायद राहुल ज़्यादा बुद्धिमान और बेहतर रणनीतिकार हैं। राजीव गांधी ने भी अच्छा शासन दिया था। उनमें आत्मविश्वास बहुत था। वो देश की जनता को अच्छा शासन देने के बारे में सोचते थे। अपने पिता की तरह राहुल गांधी में भी बहुत आत्मविश्वास है। दोनों का डीएनए एक जैसा है। इसलिए दोनों के मन में देश की जनता के लिए एक जैसी चिंता और भावनाएं हैं। वो बहुत सरल हैं। उन्हें किसी भी तरह का कोई बड़ा व्यक्तिगत लालच नहीं है।'

राहुल गांधी और राजीव गांधी दोनों अलग-अलग दौर के नेता हैं। दोनों ने अलग-अलग तरह की चुनौतियों का सामना किया है। इसलिए दोनों के अनुभव भी अलग-अलग हैं। लेकिन राहुल गांधी को छोटी उम्र में ही बड़े सदमे झेलने पड़े। कम उम्र में दादी इंदिरा गांधी की हत्या, पिता की मौत जैसी घटनाओं को देखते हुए राहुल गांधी बड़े हुए हैं। लेकिन राहुल और राजीव दोनों के सिद्धांत बहुत स्पष्ट हैं। दोनों ही कांग्रेस द्वारा स्थापित और पार्टी के हर व्यक्ति द्वारा भरोसा किए जाने वाले भारत के विचारों के रक्षक हैं। हमारे संस्थापकों ने जिस भारत की कल्पना की थी, उसे मिलकर बनाना हमारा लक्ष्य है।

राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनना चाहिए या नहीं, ये देश की जनता को तय करना है। अपने निजी अनुभव के आधार पर मैं पक्षपाती हो सकता हूं लेकिन वो (राहुल गांधी) बहुत ही सभ्य और सरल व्यक्ति हैं।' वहीं, एक सवाल के जवाब में कि क्या कांग्रेस के सत्ता में आने पर राहुल गांधी प्रधानमंत्री पद के लिए उपयुक्त होंगे, इस पर सैम पित्रोदा ने सहमति जताई। उन्होंने कहा कि राहुल प्रधानमंत्री बनने के लिए एक योग्य नेता हैं। लेकिन अंतिम फैसला पार्टी को ही लेना है। मुझे पूरा यकीन है कि भविष्य में राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे। उनमें एक प्रधानमंत्री के सारे गुण मौजूद हैं। इसमें कोई शक नहीं है।