भारत और चीन के बीच एलएसी पर लगातार तनाव बढ़ रहा है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने इन तनावों को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा, आज नरेंद्र मोदी के भारत को कोई आंख नहीं दिखा सकता।

नई दिल्ली. भारत और चीन के बीच एलएसी पर लगातार तनाव बढ़ रहा है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने इन तनावों को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा, आज नरेंद्र मोदी के भारत को कोई आंख नहीं दिखा सकता। इतना ही नहीं उन्होंने राहुल गांधी पर कोरोना के खिलाफ जंग को कमजोर करने और राजनीतिक फायदे के लिए देश को गुमराह करने का आरोप लगाया। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

राहुल गांधी ने कोरोना, प्रवासी मजदूरों, लॉकडाउन और आर्थिक स्थिति को लेकर सरकार पर लगातार हमला बोल रहे हैं। उन्होंने केंद्र से चीन और नेपाल के मामले पर स्थिति साफ करने को कहा। 

कांग्रेस शासित राज्यों ने सबसे पहले लॉकडाउन लगाया
रविशंकर प्रसाद ने कहा, राहुल गांधी देश को गुमराह कर रहे हैं। वे लॉकडाउन पर सवाल उठा रहे हैं, लेकिन पंजाब और राजस्थान जैसे कांग्रेस शासित राज्यों ने लॉकडाउन सबसे पहले लगाया। 

भारत में रिकवरी रेट ज्यादा 
केंद्रीय मंत्री ने कहा, भारत को कोरोना के खिलाफ जंग में कामयाबी मिलती दिख रही है। उन्होंने कहा, कोरोना से भारत में सिर्फ 4345 लोगों की मौत हुई, जबकि दुनियाभर में इससे 3 लाख से ज्यादा लोगों ने जान गंवाई है। भारत में 64 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। दुनिया के 15 ऐसे देश जहां कोरोना महामारी बन गया, जिनकी आबादी 142 करोड़ है। इन देशों में 3.43 लाख लोगों की मौत हुई है। जबकि भारत में 137 करोड़ की आबादी के बावजूद 4345 लोगों की मौत हुई है। 

राहुल देश का संकल्प कमजोर कर रहे
रविशंकर प्रसाद ने कहा, राहुल 5 तरह से देश की लड़ाई को कमजोर कर रहे हैं। वे नकारात्मकता फैला रहे हैं, संकट के समय में राष्ट्र के खिलाफ काम कर रहे हैं, झूठा श्रेय ले रहे हैं, कहते कुछ और हैं करते कुछ और और गलत तथ्य और झूठी खबरें फैला रहे हैं। उन्होंने भीलवाड़ा मॉडल के चलते गलत श्रेय लेने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया।

अगर लॉकडाउन फेल तो कांग्रेस की राज्य सरकारें क्यों बढ़ा रहीं
केंद्रीय मंत्री ने कहा, आप कह रहे हैं कि लॉकडाउन कोई हल नहीं हैं। तो यह आप अपने मुख्यमंत्रियों को क्यों नहीं बताते। या वे आपकी बात नहीं सुनते। या वे आपकी राय को महत्व नहीं देते। उन्होंने कहा, पंजाब और राजस्थान ने सबसे पहले लॉकडाउन बढ़ाया। इसके बाद महाराष्ट्र ने। इसके बाद पीएम मोदी की मुख्यमंत्रियों से बात हुई।