दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे के साथ ठंड का कहर जारी। कई ट्रेनें लेट, विजिबिलिटी कम। तापमान में और गिरावट की आशंका।

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली (Delhi Cold Wave) समेत उत्तर भारत का बड़ा इलाका इन दिनों शीतलहर की चपेट में है। जम्मू कश्मीर में 40 दिन तक चलने वाला चिल्लाई कलान चल रहा है। इसके चलते यहां भीषण ठंड पड़ रही है। हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी हुई है। इसका असर मैदानी इलाकों में भी दिख रहा है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

गुरुवार सुबह दिल्ली में घना कोहरा छाया। लो विजिबिलिटी के चलते दिल्ली एयरपोर्ट को एडवाइजरी जारी करनी पड़ी। हालांकि कहा गया कि कोहरे के चलते कोई फ्लाइट प्रभावित नहीं हुई। छुट्टी के दिनों में इससे यात्रियों को असुविधा से राहत मिली। सुबह 7 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी 500 मीटर थी। एयरपोर्ट ने कहा कि CAT III का पालन करने वाली उड़ानें प्रभावित नहीं हुई हैं। इन फ्लाइट में खराब दृश्यता की स्थिति में भी सुरक्षित रूप से उतरने की सुविधा दी गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 26 दिसंबर को दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में हल्के से घने कोहरे का अनुमान लगाया है।

दिल्ली में अभी और बढ़ेगी ठंड

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 27 दिसंबर से तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। 29 दिसंबर तक मौसम और अधिक ठंडा हो जाएगा। क्रिसमस की रात जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

दिल्ली जाने वाली 18 ट्रेनें हुईं लेट

घने कोहरे के चलते दुरंतो एक्सप्रेस और अवध असम एक्सप्रेस समेत 18 से अधिक ट्रेनों को देर हुई है। दिल्ली की हवा बेहद खराब बनी हुई है। यहां न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।IMD ने दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में दिन में हल्की बारिश और 27 और 28 दिसंबर को गरज के साथ बारिश की भविष्यवाणी की है। 27 और 28 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी गरज के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है।

यह भी पढ़ें- घने के कोहरे के चलते दिल्ली आने वाली ये 18 ट्रेनें लेट, यात्रियों को हुई परेशानी