Crime News: तेलंगाना में एक महिला ने यूट्यूब से तरीका सीखकर अपने ही पति की हत्या कर दी। यूट्यूब पर वीडियो देखकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया। 

Crime News:तेलंगाना के करीमनगर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शादीशुदा महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी। हैरानी की बात यह है कि महिला ने YouTube पर वीडियो देखकर हत्या का तरीका सीखा और उसी को अपनाकर वारदात को अंजाम दिया।

क्या है पूरा मामला?

ये पूरा मामला करीमनगर का है। रमादेवी नाम की महिला इस इलाके में मशहूर तेलंगाना डिश सर्वपिंडी का ठेला लगाती थी। एक शख्स राजैया अक्सर महिला के ठेले पर खाना खाने आता था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। हालांकि, जब रमादेवी के पति संपथ को इस रिश्ते की भनक लगी, तो घर में झगड़े होने लगे। रोज के क्लेश से तंग आकर रमादेवी ने अपने पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

YouTube से लिया टिप्स

रमादेवी ने अपने पति की हत्या करने के लिए इंटरनेट पर सर्च करना शुरू किया। महिला ने YouTube पर एक ऐसा वीडियो देखा जिसमें दिखाया गया था कि किसी के कान में कीटनाशक डालकर उसकी जान ली जा सकती है। रमादेवी ने इस तरीके को आजमाने का मन बना लिया।

शराब पार्टी के बहाने रचा गया खेल

रिपोर्ट्स के मुताबिक, रमादेवी ने अपने प्रेमी राजैया के साथ मिलकर संपथ को एक शराब पार्टी के बहाने बुलाया। जैसे ही संपथ पूरी तरह नशे में आया, राजैया ने उसके कान में कीटनाशक डाल दिया। इससे संपथ की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद राजैया ने रमादेवी को फोन कर इसकी जानकारी दी।

यह भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में दर्दनाक हादसा, CRPF जवानों से भरी बस खाई में गिरी, कई घायल

पुलिस जांच में खुली सच्चाई

पहले रमादेवी ने थाने में पति की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। लेकिन कुछ ही दिनों बाद खुद पुलिस को जानकारी दी कि उसके पति का शव मिल गया है। पुलिस को रमादेवी के बदले हुए बयानों पर शक हुआ। उन्होंने महिला से सख्ती से पूछताछ की गई तो सच्चाई सामने आ गई। पुलिस ने बताया कि रमादेवी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि हत्या की पूरी योजना उसने अपने प्रेमी राजैया के साथ मिलकर बनाई थी। फिलहाल पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।